बरोठा पुल पर भट्ठा करोबारी को कार (लाल रंग वाली) में तोड़फोड़ कर लौटते हमलावर युवक।
- फोटो : samvad
बुढ़ासी क्षेत्र में स्थित ईंट भट्ठे से अलीगढ़ लौट रहे भट्ठा कारोबारी संग बरौठा नहर पुल के समीप स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने मारपीट कर रुपये व सोने की चेन लूट ली। बदमाश कारोबारी की कार में तोड़फोड़ कर चाबी लेकर भाग गए। कारोबारी ने पुलिस को घटना की सूचना दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस इसे सिर्फ मारपीट की घटना करार दे रही है।
कौड़ियागंज कस्बे के मूल निवासी खालिद पुत्र फैज मुहम्मद वर्तमान में अलीगढ़ के जमालपुर इलाके में रहते हैं। उनका बुढ़ासी क्षेत्र में ईंट भट्ठा संचालित है। खालिद ने बताया कि रविवार रात वह अकेले अपनी कार से भट्ठे से वापस अलीगढ़ लौट रहे थे। बरौठा नहर पुल के समीप पीछे से आ रही स्कॉर्पियो में सवार आठ-दस लड़के उतर कर आए और गाली गलौज कर कार में तोड़फोड़ करने लगे।
हमलावरों ने कार की चाबी और गले में पड़ी सोने की चेन खींच ली। जेब रखे 43 हजार रुपये भी लूट लिए। राहगीरों को देखे हमलावर स्कॉर्पियो मोड़कर वापस लौट गए। पीड़ित के अनुसार वह किसी हमलावर को नहीं पहचानता। किसी ने नकाब नहीं पहना था। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर का कहना है कि मामला केवल मारपीट का है। लूटपाट की कोई घटना नहीं हुई। माछुआ नहर पुल से बरौठा पुल तक एकांत रास्ता है। हमलावरों की तलाश में टीम लगी हुई है।