गांव में दो माह से खराब पड़े हैंडपंप को सही कराने के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत की थी। आरोप है कि सचिव ने हैंडपंप को सही कराने का दावा कर शिकायत का निस्तारण कर डाला। जबकि हैंडपंप अभी भी खराब है। मामले की शिकायत डीएम से की गई है।
विज्ञापन
बहरामपुर के मजरा नगला सिख निवासी जफरुद्दीन ने बताया है कि मोहल्ले का हैंडपंप लगभग दो माह से खराब था। 28 मार्च को उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर इसकी शिकायत की, जिसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सात अप्रैल को मोबाइल पर शिकायत के निस्तारण का संदेश मिला तो उन्होंने जन सेवा केंद्र पर जाकर शिकायत संख्या से शिकायत की स्थिति देखी। उन्होंने बताया कि पंचायत सचिव आलोक कुमार और खंड विकास अधिकारी द्वारा हैंडपंप को सही कराने का दावा करते हुए शिकायत का निस्तारण कर दिया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर जिम्मेदार अधिकारी झूठ बोल रहे हैं। शिकायतकार्ता ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। वहीं सचिव आलोक कुमार का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान से हैंडपंप की जानकारी ली थी, जिन्होंने हैंडपंप सही कराने की बात कही। इसके बाद हैंडपंप के सही होने की रिपोर्ट भेजी गई है।