ज्ञानवापी मस्जिद प्रकरण को लेकर बयानबाजी होने से प्रदेश का माहौल गर्मा रहा है। सर्वे के बाद शुक्रवार को पहला जुमा पड़ रहा है। इसको लेकर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रशासनिक अफसर चौकन्ने हो गए हैं। शहर को 15 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह ने कोतवाली नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए संभ्रांत नागरिकों व धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। शांति समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सभी जागरूक रहें। माहौल खराब करने वाले ऐसे लोगों के बारे में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को सूचना उपलब्ध कराएं। यहां थाना कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह, रोरावर थाने के रूपेश वर्मा, सासनीगेट थाने के पंकज कुमार मिश्रा, देहलीगेट थाने के प्रमेंद्र कुमार मौजूद रहे। थाना सिविल लाइंस में सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय ने धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने भी संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, मौलवियों से वार्ता कर शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में बैठक हुई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर शहर को 15 सेक्टरों में बांटा गया है। कोतवाली क्षेत्र का जामा मस्जिद, बू अली शाह मस्जिद, शीशे वाली मस्जिद, बाबरी मंडी चौराहा, सब्जी मंडी चौराहा, देहली गेट का अंसारी मस्जिद, अकवरी मस्जिद, सिविल लाइंस क्षेत्र में जमालपुर मस्जिद, क्वार्सी, महुआखेड़ा, बन्नादेवी, सासनीगेट, रोरावर, गांधीपार्क व सिविल लांइस शामिल हैं। यहां सेक्टर वार मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जुमे की नमाज को लेकर कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए शहर में 15 सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। गड़बड़ी करने, किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या भड़काऊ भाषण देने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
- विधान जायसवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व