घंटों लाइन में लगने के बाद भी एटीएम से पैसा न निकलने से लोगों का धैर्य टूट रहा है। बृहस्पतिवार को आक्रोशित ग्राहकों ने कलक्ट्रेट स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा के बाहर जाम लगा दिया। इस दौरान मोदी सरकार एवं बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्राहकों और पुलिस के बीच काफी नोंक-झोंक हुई। यही नहीं कोषागार के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसा न निकलने पर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने बमुश्किल शटर बंद कराकर मामला संभाला। इधर एसबीआई मेन ब्रांच के बाहर एटीएम की लाइन में लगी युवती बेहोश हो गई।
रिजर्व बैंक से नए नोटों की खेप न आने तथा बैंकों के करेंसी चेस्ट में भी पैसा न होने का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने को तरस रहे लोगों का गुस्सा लगातार फूट रहा है। बृहस्पतिवार को पैसा न निकलने से गुस्साए लोगों ने इलाहाबाद बैंक के बाहर सुबह दस से बारह बजे तक जाम लगाया। इस दौरान पुलिस और ग्राहकों के बीच तीखी तकरार भी हुई। कुछ लोगों ने कोषागार के बाहर एटीएम में तोड़फोड़ की। एसबीआई मुख्य शाखा में भी ग्राहकों की लंबी लाइन में दिनभर झड़पों का दौर चला। यहां घंटों से एटीएम की लाइन में लगी एक युवती अचानक बेहोश होकर गिर गई। साथ मौजूद महिलाओं ने पानी के छींटें डाले तो उसे होश आया। सासनीगेट, खिरनीगेट, रामघाट रोड, दोदपुर, मेडिकल रोड समेत अन्य स्थानों पर मौजूद बैंक शाखाओं में भी दिन भर अफरातफरी बनी रही।