गांव लुहारा निवासी दिव्यांग राजवीर सिंह (54) का शव 60 घंटे बाद सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे नानऊ पुल से ढोंगलपुर व मईखेड़ा के लिए जाने वाले रजबहा में उतराता मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
राजवीर सिंह पुत्र भीकम सिंह 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे गाांव कासिमपुर में दवा लेने गए थे। वहीं पर रात करीब नौ बजे वह गंग नहर में कूद गए थे। सूचना मिलने पर परिजन सहित कासिमपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। रात में तलाश के बावजूद पता नहीं चल सका। 12 जुलाई को राजघाट से गोताखोर बुलाए गए, जिन्होंने पांच घंटे तक प्रयास किया लेकिन पता नहीं चल सका।
इसके बाद 13 जुलाई को मुरादाबाद से एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। 14 जुलाई को एनडीआरएफ की टीम भी राजवीर सिंह की तलाश कर रही थी, तभी शाम चार बजे किसी ने सूचना दी कि एक शव ढोंगलपुर व मईखेड़ा के पास रजबहा में उतरा रहा है। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान कर ली। मौके पर पहुंचे कासिमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।