टीईटी पर्चा लीक मामले में गोंडा के निर्दोष व विष्णु का अभी सुराग नहीं लगा है। एसटीएफ मेरठ की टीम लगातार जिले में डेरा डाले है। उन तक पहुंचने के लिए परिवार, करीबियों और दोस्तों को रडार पर ले रखा है। एक-एक कर उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ में उनसे जो भी जानकारियां मिल रही हैं, उनके आधार पर दबिश दी जा रही हैं। कुछ मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है।
टप्पल के गांव हजियापुर के गौरव से पूछताछ के बाद गोंडा के निर्दोष सिंह और विष्णु के नाम सामने आए। हालांकि वे उसी समय से फरार हैं। दोनों को लेकर तरह-तरह की चर्चा हैं। गांव के लोगों ने दोनों के परिवारों से दूरी बना रखी है। इधर, इन दोनों के बैंक खातों को भी एसटीएफ द्वारा खंगाला जा रहा है। ताकि इनके खातों में ताजा रुपयों के लेनदेन की जानकारी हो सके। इससे यह पता चल सके कि किसी को पेपर बेचकर रुपये तो नहीं आए। क्योंकि गौरव ने इन्हीं से रुपया खरीदना स्वीकारा था। बता दें कि पेपर लीक होने के बाद हरकत में आई एसटीएफ ने गौरव को पकड़ा था। उससे साफ हुआ कि उसने निर्दोष व विष्णु से पेपर खरीदकर शामली तक बेचा था। पुलिस टीमें हालांकि कुछ भी कहने से बच रही हैं। मगर लगातार तलाश सरगर्मी से चल रही है।
आगरा में पकड़े पेपर सॉल्वर गैंग के करीबी भी रडार पर
निर्दोष व विष्णु के अलावा पुलिस भरती के पेपर सॉल्वर गैंग के सरगना योगेंद्र सहित सात लोग भी फरार हैं। उनकी तलाश में भी पुलिस टीमें लगी हैं। उनका भी कोई सुराग नहीं लग रहा है। पुलिस टीमें आगरा में पकड़े गए सॉल्वर गैंग के करीबियों को रडार पर लेकर भी इन्हें खोज रही है।