वार्ड नंबर चार स्थित सराय पीतांबर में पिछले चार साल से नलों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इस समस्या से करीब दो हजार परिवारों के दस हजार लोग प्रभावित हैं।
शहर का यह इलाका मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में शामिल है। इलाके में लगभग बीस साल पुरानी पाइपलाइन से जलापूर्ति हो रही है। जर्जर पाइपलाइन में कई जगहों पर लीकेज है। जिससे नलों में गंदे पानी की आपूर्ति होती है। गंदे पानी की वजह से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद होता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नालों का पानी पाइप लाइन के लीकेज में घुस जाता है और सप्लाई के समय घर में आता है। लोगों ने बताया कि पहले इस इलाके में पला रोड स्थित बच्चा जेल की पानी की टंकी से जल आपूर्ति होती थी। तब पानी साफ आता था। लेकिन जब से इलाके के कनेक्शन एटूजेड पानी की टंकी से जोड़े गए हैं। तब से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इलाके के सरकारी हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। वार्ड में दो ट्यूबवेल हैं, जिनमें एक खराब है। नए ट्यूबवेल में अभी सप्लाई सही नहीं है। पानी की समस्या के चलते लोग रोजमर्रा के कामों के लिए परेशान रहते हैं। महिलाएं पानी की तलाश में या तो सबमर्सिबल वाले घरों का रुख करती हैं या फिर आस पड़ोस के मोहल्लों से पानी भरकर लाती हैं। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत पार्षद से लेकर अधिकारियों से की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
यह है स्थिति
- वार्ड 4 सराय गढ़ी (सराय पीतांबर)
- वार्ड की आबादी 24 हजार।
- मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र।
- जलस्तर 200 से 250 फीट।
- वार्ड में 75 सरकारी हैंडपंप। बीस खराब हालत में हैं।
- वार्ड में छह सरकारी समर्सिबल। सभी सही हालत में।
- वार्ड में एक पानी की टंकी से जलापूर्ति।
- टीडीएस 500 से 700 है। पीने लायक पानी का टीडीएस 150 तक होना चाहिए।
- बीस साल पुरानी पाइपलाइन से जलापूर्ति।
- दो सरकारी ट्यूबवेल, जिसमें एक खराब।
वार्ड में कुछ जगहों पर गंदे पानी की समस्या है। पहले वार्ड में पला रोड स्थित पानी की टंकी से जल आपूर्ति होती थी। अब कनेक्शनों को एटूजेड पानी की टंकी से जोड़ा जा रहा है। इसलिए गंदे पानी की समस्या आ रही है। सूचना मिलती है तो परेशानी को निस्तारित करया जाता है। सराय पीतांबर की समस्या का जल्द निदान होगा।
देव कुमार, पार्षद
गंदे पानी की समस्या को लेकर टीम को निर्देशित कर दिया गया है। सराय पीतांबर में गंदे पानी की समस्या है। टीम घर घर जाकर सर्वे करेगी। नई टंकी से कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं। जल्द समस्या को निस्तारित कराया जाएगा।
अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त
चार साल से सराय पीतांबर में गंदे पानी की समस्या है। लोग परेशान हैं। पानी खरीद कर पीना पड़ता है। - विष्णु कुमार
बीस साल पुरानी पाइपलाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त है। नलों में बदबूदार पानी आता है। लीकेज की काफी समस्या है। - मीना शर्मा
इलाके में सरकारी हैंडपंप खराब हैं। दस हजार लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। टैंकर की कोई व्यवस्था नहीं है। - पूजा कुमारी