अतरौली कोतवाली के गांव जमालगढ़ी के निकट बाइकों की भिड़ंत को बचाने के चक्कर में टेंपो पलट गया। इससे टेंपो में बैठे युवक की मौत हो गई और टेंपो चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है जबकि घायलों को अलीगढ़ रेफर किया है।
अलीगढ़ के मुकुंदपुर निवासी रिंकू भाड़े पर टेंपो चलाता है। दुबे का पड़ाव स्थित एक फोटो वाले की दुकान से सामान नरौरा जाना था। सामान रिंकू ने अपने टेंपो में भर लिया और सामान को पहुंचाने के लिए फोटो ग्राफर ने अपनी दुकान पर काम करने वाले 53 वर्षीय देवेंद्र पुत्र श्याम बाबू निवासी नौरंगाबाद को टेंपो में बैठा दिया। जैसे ही टेंपो गांव जमालगढ़ी के निकट पहुंचा तभी दो बाइक वाले ओवरटैक करते समय आपस में भिड़ गए।
इनसे बचने के लिए टेंपो का पहिया सड़क से नीचे उतर गया और टेंपो पलट गया। इसमें दबकर देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रिंकू व बाइक सवार दिनेश पुत्र हुकम सिंह और रुपेश पुत्र रामप्रकाश निवासीगण चौमुहां घायल हो गए। दिनेश व रुपेश को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दूसरी घटना गांव चौमुहां के निकट हुई। एक बाइक पर तीन दोस्त अंकित पुत्र कलियान सिंह निवासी रहमापुर, रंजीत पुत्र विजेंद्र सिंह व हरीश पुत्र सतेंद्र सिंह निवासीगण आलमपुर किसी काम से अतरौली जा रहे थे। इनकी बाइक में टेंपो ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लाया गया जहां से अंकित व रंजीत को दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया।