बुधवार देर शाम गांव सिकंदरपुर से गुजर रही लकड़ी बिन रही किशोरी पैर फिसलने से नहर में गिर गई। 24 घंटे बाद उसका शव मिला। गांव अजवाइनठेर निवासी पप्पू पुत्र कल्लू सिंह के अनुसार उसकी 16 वर्षीय बेटी शोभा कुमारी बुधवार शाम गांव के निकट से गुजर रही नहर किनारे लकड़ी बीनने गई थी। लकड़ी बीनते समय अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में गिर गई।
साथ में लकड़ी बीन रहे बच्चों ने इसकी सूचना घर पर जाकर परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने लड़की की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ नहीं पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 24 घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। परिजनों ने बिना कोई कार्रवाई किए गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद