गांव बरामई में लगे एक बोर्ड पर भगवान श्री राम का छवि चित्र छपा हुआ था। 21 जनवरी की रात असामाजिक तत्वों ने इस बोर्ड के साथ छेड़छाड़ की। बोर्ड से भगवान श्रीराम के छवि चित्र को ईंट से खुरच दिया। 22 जनवरी की सुबह जब क्षत्रिय समाज के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरामई में माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। गांव में एक बोर्ड पर छपे भगवान श्रीराम के छवि चित्र से असामाजिक तत्वों ने छेड़छाड़ की, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने छविचित्र को ठीक कराया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। मामले में नौ नामजदों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उल्लास के बीच कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरामई में यह हरकत की गई। गांव में लगे एक बोर्ड पर भगवान श्री राम का छवि चित्र छपा हुआ था। 21 जनवरी की रात असामाजिक तत्वों ने इस बोर्ड के साथ छेड़छाड़ की। बोर्ड से भगवान श्रीराम के छवि चित्र को ईंट से खुरच दिया। 22 जनवरी की सुबह जब क्षत्रिय समाज के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और हंगामा करने लगे। जमकर प्रदर्शन हुआ। श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बीच माहौल बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।
जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों में इस हरकत पर जबर्दस्त गुस्सा था। पुलिस प्रशासन ने बोर्ड को ठीक कराया। तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मामले में पुलिस ने वरुण कुमार पुत्र विशंभर दयाल, बबलू कुमार पुत्र बाबूलाल, विष्णु कुमार पुत्र प्रेमपाल सिंह, रवि उर्फ बंटी पुत्र रनवीर सिंह, अनिल कुमार पुत्र बनवारी लाल, सतीश कुमार पुत्र छदामीलाल, सूरज पुत्र राजपाल, अजीत कुमार पुत्र तालेवर सिंह, देवदत्त उर्फ रामपाल पुत्र तुलाराम निवासीगण बरामई थाना हाथरस जंक्शन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया था। बोर्ड को ठीक करा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस।