अमर उजाला अपराजिता के बैनरतले राधे राधे वूमेन क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के सहयोग से जलालपुर स्थित मुस्कान सिलाई सेंटर पर आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के तहत शनिवार को ब्यूटीशियन, सिलाई व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बेहतरीन दुल्हन शृंगार कर तबस्सुम विजेता रहीं। सिलाई में कामिनी तो मेहंदी लगाने में सुगंधा अव्वल रहीं।
अपराजिता के तहत महिलाओं और युवतियों के लिए आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में छठवें दिन सभी प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिनका शुभारंभ सोसाइटी के निदेशक गौरव अग्रवाल ने दीप जलाकर किया। इन प्रतियोगिताओं में 85 युवतियों व महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं से पहले निदेशक गौरव अग्रवाल ने प्रतिभागियों को बताया कि अमर उजाला अपराजिता का उद्देश्य महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान लाना है। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से आप सभी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम संकल्पित हैं। पिछले छह दिनों में जो प्रशिक्षण दिया गया है। वह अगर पूरा नहीं हुआ तो आगे भी नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। वहीं इतने दिनों में जो सीखा है।
उसमें अपना सर्वस्व देना है। इसके बाद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। ब्यूटीशियन प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों ने ब्राइडर मेकअप किए। जिसमें तबस्सुम पहले, प्रियंका दूसरे व सपना कपूर तीसरे स्थान पर रहीं। सिलाई प्रतियोगिता में कामिनी, अंजली व मुस्कान और मेहंदी प्रतियोगिता में सुगंधा, प्रियंका व कुसुम गुप्ता क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल की भूमिका रजनी रानी, रितु शर्मा, पूजा कुमारी, वर्षा व ज्योति ने निभाई। इस मौके पर आशा, गीता, प्रियंका, पूजा, सरिता, नेहा वर्मा, सलोनी, पायल, सपना, अंजली, पवित्रा, निक्की तोमर आदि मौजूद रहीं।