महानगर के क्वार्सी इलाके के चंदनिया के एक युवक ने दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के किराये के मकान में आत्महत्या कर ली। वहां से पोस्टमार्टम के बाद शव जब सोमवार को घर पहुंचा तो मोहल्ले से गायब एक किशोरी के परिवार पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान परिवार ने यह बात भी उठाई कि दो दिन पहले पुलिस ने भी उसे बयान देने आने के लिए फोन किया था। इसके बाद ही युवक ने सुसाइड किया है। खबर पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत करते हुए शव का अंतिम संस्कार कराया। वहीं पुलिस किशोरी को सरगर्मी से तलाश रही है।
हुआ यूं कि चंदनिया इलाके की एक किशोरी 23 की देर शाम गायब हो गई। जिसका मुकदमा 24 दिसंबर को क्वार्सी में दर्ज कराया गया। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि किशोरी ने घर से जाने के बाद सबसे आखिरी कॉल चंदनिया के ही दिल्ली चांदनी चौक में रहने वाले युवक गौरव पुत्र जयपाल को किया है। युवक वहां एक कपड़े की दुकान पर रहकर नौकरी करता है। इस पर पुलिस ने गौरव से संपर्क किया तो उसने स्वीकारा कि किशोरी उसके पास आई और रात में रुकी। इसके बाद अगले दिन सुबह उसने किशोरी को अलीगढ़ के लिए बैठा दिया। फिर उसे नहीं मालूम। मगर किशोरी अलीगढ़ नहीं पहुंची। यह जानकारी किशोरी के परिवार को हो गई। इधर, गौरव ने अपने दिल्ली के किराये के कमरे में रविवार शाम आत्महत्या कर ली। इस खबर पर परिवार वहां पहुंचा और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव लेकर पहुंचा।
इस दौरान परिवार ने किशोरी के परिवार पर दबाव बनाने, जिससे परेशान होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया। इस सूचना पर इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल आदि पहुंच गए। उन्होंने परिवार को समझाया। तब जाकर अंतिम संस्कार हुआ। इंस्पेक्टर के अनुसार किशोरी को तलाशा जा रहा है। इस मामले में किशोरी के गायब होने व आत्महत्या को एक ही पहलू से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने युवक के नंबर की डिटेल निकाली थी। इसलिए युवक को बयान देने आने के लिए फोन किया गया था। सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।