जिले में बनने वाली राजा महेंद्र प्रताप सिंह (आरएमपी) विश्वविद्यालय में सत्र 2022-23 में पढ़ाई प्रारंभ हो सकती है। इस विवि से अलीगढ़ मंडल के कालेज जुड़ेंगे। इससे कम से कम दो लाख छात्र छात्राओं को लाभ मिलेगा। यह जानकारी आरएमपी विवि के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल अंजनी कुमार मिश्रा ने दी है।
आरएमपी विवि की डीपीआर जब से मुख्यमंत्री ने तलब की है, तब से इसके निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की कवायद जारी है। जहां निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग करेगा। वहीं प्रशासनिक कार्यभार के रूप मेें रजिस्ट्रार और वित्त लेखाधिकारी की तैनाती कर दी गई है। डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा व वित्त लेखाधिकारी अरुण कुमार सिंह को ही आरएमपी विवि का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा और वित्त एवं लेखाधिकारी अरुण कुमार सिंह से अमर उजाला ने बातचीत की तो उन्होंने बताया कि आरएमपी विवि देश की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा। दो लाख छात्र-छात्राएं सीधे लाभान्वित होकर पढ़ाई करेंगे। चूंकि, नई शिक्षा नीति भी लागू हो चुकी है। इसीलिए विवि में अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। अलीगढ़ मंडल के सभी कालेजों को इस विवि से जोड़ा जाएगा। इससेे आगरा विवि का भार कम होगा।
1986 बैच के हैं अरुण कुमार सिंह
आरएमपी विवि का अतिरिक्त प्रभार आगरा विवि के वित्त लेखाधिकारी अरुण कुमार सिंह को दिया गया है। वह उप्र वित्त एवं लेखा सेवा विभाग के 1986 बैच के अधिकारी हैं। अरुण कुमार का जन्म मिर्जापुर में हुआ था। 1984 में इन्होंने इलाहाबाद विवि से पीजी किया था। इसके बाद यूपीएससी में चयन हुआ। अरुण कुमार अलीगढ़ कलेक्ट्रेट में 2002 से लेकर 2004 तक सेवा दे चुके हैं। गाजीपुर, लखनऊ, प्रयागराज, आगरा में भी सेवाएं दी हैं। पुलिस भर्ती बोर्ड के साथ साथ पेंशन निदेशालय में भी सेवाएं दी हैं। दस जुलाई 2019 से इन्होंने आगरा विवि में सेवाएं देना प्रारंभ किया था।
25 वर्ष सेना में सेवाएं दे चुके हैं डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा
आरएमपी विवि के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा भारतीय सेना में 25 वर्ष तक सेवाएं दे चुके हैं। इनका जन्म बहराइच जिले में हुुआ था। इनके पिता सेना में थे। इसीलिए प्रारंभिक शिक्षा कर्नाटक के बेलगांव गांव स्थित मिलिट्री स्कूल में हुई। डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज विषय में मद्रास यूनिवर्सिटी से पीजी पूूरी की। साथ ही लखनऊ विवि से 2017 में डॉक्टर की उपाधि ली, जबकि इससे पहले 1993 में लखनऊ विवि से ही ग्रेजुएशन की थी। इसके बाद सेना में सेवा शुरू कर दी थी।
फिर विश्वविद्यालय की सेवा में आ गए। लखनऊ में पहली नियुक्ति हुई। जबकि आगरा विवि में इसी साल मई महीने मेें तैनाती मिली। अब अलीगढ़ आरएमपी में रजिस्ट्रार का अतिरिक्त प्रभार मिल गया है।
अरुण कुमार सिंह, वित्त अधिकारी राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़।- फोटो : CITY OFFICE