स्टेडिमय में रील बनाते युवा। संवाद
महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में इन दिनों खेल कम और रीलबाजी ज्यादा दिखाई दे रही है। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए सुरक्षित माहौल देने के बजाय स्टेडियम सोशल मीडिया कंटेंट बनाने वालों का ठिकाना बनता जा रहा है। इसका खामियाजा खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है।
दोपहर के समय युवक-युवतियां स्टेडियम परिसर में रील बनाने और फोटोशूट के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों के अभ्यास में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि अभ्यास के दौरान बार-बार रुकावट और भीड़ के कारण उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है। स्टेडियम में निर्माण कार्य के चलते मैदान के किनारों की खोदाई के चलते ट्रैक पर कई स्थानों पर ईंट और कंकड़ बिखरे पड़े हैं।
इन पर दौड़ते समय खिलाड़ियों के पैरों में चोट लगने और कंकड़ चुभने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम प्रशासन ने तीन होमगार्ड की तैनाती की है, जिनकी आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। उद्देश्य यह है कि अनधिकृत रूप से रील और फोटोशूट करने वालों पर निगरानी रखी जा सके। इस संबंध में जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता ने बताया कि स्टेडियम में रील या फोटोशूट करने वालों को मना किया जाता है और अब होमगार्ड भी इस पर विशेष नजर रखेंगे।
स्टेडिमय में रील बनाते युवा। संवाद