सुपर 90 लीग में हरियाणा वॉरियर्स की टीम में हुआ चयन, क्रिस गेल और शिखर धवन जैसे दिग्गज भी दिखेंगे
अलीगढ़। जिले के ईसेपुर निवासी क्रिकेटर पुष्कर शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान को नई ऊंचाई दी है। उनका चयन केन्या में होने वाली प्रतिष्ठित सुपर 90 लीग सीजन-4 के लिए हरियाणा वॉरियर्स की टीम में हुआ है। तीन दिसंबर से नैरोबी में शुरू होने वाली इस लीग में पुष्कर दुनिया के कई दिग्गज क्रिकेटरों के साथ मैदान साझा करेंगे।
प्रतियोगिता में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, भारत के शिखर धवन, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हरियाणा वॉरियर्स में मार्टिन गुप्टिल, वेन पार्नेल, एंजेलो मैथ्यूज और रवि बोपारा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी होगी।
लीग में सात फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का भारत समेत कई देशों में सीधा प्रसारण होगा। भारत में दर्शक जियोहॉटस्टार पर मैच देख सकेंगे।
पुष्कर इससे पहले केन्या की राष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय लीग में चयन को उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी इस सफलता से ईसेपुर सहित अलीगढ़ के खेल जगत में खुशी है। परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।