होली पर ट्रेन से घर जाने वालों के लिए यह खबर राहत भरी है। रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ ही चुनिंदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा, जनरल कोच में भी यात्रियों को रिजर्वेशन कराने की छूट जारी है।
होली को लेकर ट्रेनों में आरक्षण कराने के बाद भी कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं।
होली के समय अधिकांश ट्रेनों में बर्थ भी खाली नहीं हैं। इससे त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर में बड़ी संख्या में रहकर नौकरी करने वाले लोग त्योहार मनाने को अपने घर जाने की तैयारी में जुटे हैं। इसको लेकर उन्होंने ट्रेनों में एडवांस बुकिंग शुरू करा दी है। आलम यह है कि ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि होली पर ट्रेनों में रिजर्वेशन टिकट की स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। यात्रियों को बर्थ उपलब्ध कराने को स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ ही दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर चुनिंदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की जा रही है।