जीटी रोड स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार देर शाम एक टीवी चैनल की चुनावी डिबेट (वाद-विवाद) में सपा-भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर कुर्सियां फेंकी गईं और मारपीट हुई। कुछ नेताओं ने तो भागकर खुद को बचाया। बाद में दोनों ओर से जीटी रोड पर खेमेबंदी हो गई। पुलिस ने किसी तरह पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में भाजपाई अपने घरों को चले गए, जबकि देर रात सपा नेताओं की ओर से गांधीपार्क थाने में मारपीट के संबंध में तहरीर दी गई है।
हुआ यूं कि टीवी चैनल द्वारा चुनावी डिबेट आयोजित की गई। आयोजन शाम करीब साढ़े छह बजे से शुरू हुआ और सभी दलों के नेता मौजूद थे। सपा से युवजन सभा जिलाध्यक्ष रंजीत चौधरी व भाजपा की ओर से पूर्व मेयर शकुंतला भारती मौजूद थे। अन्य दलों के नेता भी डिबेट में प्रतिनिधित्व कर रहे थे। आयोजन समाप्त होने के समय पर केंद्र सरकार द्वारा कराए गए कार्यों से जुड़े सवालों पर सपा व भाजपा नेताओं में नारेबाजी शुरू हो गई। इस पर दोनों ओर से झंडे लहराए जाने लगे। जिस पर धक्का मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच वहां कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। इस पर वहां भगदड़ के हालात बने। आरोप है कि एक तरफ से युवा मोर्चा के कुछ कार्यकर्ताओं से हाथापाई की गई तो जवाब में लोहिया वाहिनी महानगर अध्यक्ष कौशल दिवाकर को घेरकर पीट दिया गया। एक-दो पत्थर भी फेंके गए। किसी तरह भगदड़ के बीच नेताओं ने खुद को बचाया। बाद में डीएस कॉलेज पर सपा के नेता जमा होने लगे और दुबे पड़ाव पर भाजपा के नेता जमा होने लगे। इसे लेकर तनाव व जीटी रोड पर जाम के हालात बन गए। इसी बीच खबर पर गांधीपार्क थाने का फोर्स, क्यूआरटी आदि पहुंच गई और किसी तरह नेताओं को समझाकर शांत किया गया। तब वे अपने घरों को गए। मगर सपा नेता एकत्रित होकर थाना गांधीपार्क पहुंच गए, जहां कौशल दिवाकर की ओर से खुद के साथ व सपा नेता संजय शर्मा, आमिर आबिद के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष की मौजूदगी में अज्ञात कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट किए जाने की तहरीर दी गई। जिस पर इंस्पेक्टर की ओर से जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस मौके पर देर रात तक थाने पर सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, महासचिव मनोज यादव, राजेश सैनी, मनीष शर्मा आदि तमाम सपाई मौजूद रहे। सीओ द्वितीय मोहसिन खान का कहना है कि डिबेट सकुशल होने के बाद निकलते समय कहासुनी धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने पहुंचकर विवाद शांत करा दिया गया। अब जो तहरीर दी गई है, उसकी जांच के अनुसार कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
- मेरे आयोजन में मौजूद रहने तक कोई विवाद नहीं हुआ। अच्छी खासी बहस चल रही थी। मेरे जाने के बाद क्या हुआ, मुझे जानकारी नहीं है। हां, इतना पता चला है कि हमारे कुछ कार्यकर्ताओं से अभद्रता की गई, जिसका जवाब उसी भाषा में दिया गया। बाकी हमारे कार्यकर्ता अनुशासित हैं। किसी तरह का अनुशासन नहीं तोड़ते।-विवेक सारस्वत, महानगर अध्यक्ष भाजपा
थाने पर कार्रवाई को लेकर सपाइयों का हंगामा
देर रात गांधीपार्क थाने पर शुरुआत में पुलिस द्वारा मामले को टालने का प्रयास किया गया। इसे लेकर वहां सपाई धीरे-धीरे एकत्रित होने लगे। खबर पर काफी संख्या में सपाई एकत्रित हो गए, जिन्होंने थाने पर कोतवाल को घेरकर हंगामा किया। तब जाकर कोतवाल के स्तर से तहरीर लेकर जांच व मुकदमे का आश्वासन दिया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, महासचिव मनोज यादव, सलमान शाहिद, रंजीत चौधरी, कौशल दिवाकर, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
सपाइयों ने शुरू किया उपद्रव:विशाल
भाजपा महानगर के सह मीडिया प्रभारी विशाल देशभक्त ने कहा है कि इस घटना में सपाइयों की ओर से उपद्रव की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में से एक स्तंभ मीडिया को कहा जाता है, जिसका सभी को सम्मान करना चाहिये। इस प्रकार की डिबेट में कुर्सियों को तोड़ना फोड़ना उपद्रव करना यह वास्तव में चिंताजनक है और निराशापूर्ण है। यहां सब कुछ बेहतर ढंग से निपट चुका था। सपाइयों की ओर से नारेबाजी, हंगामा व फिर कुर्सी फेंकना शुरू किया। इसी बीच धक्का-मुक्की हुई। अगर हमारे कार्यकर्ता अपना बचाव न करते तो ये हमलावर भी हो जाते।
रामलीला मैदान में एक टीवी चैनल की डिबेट के दौरान होती मारपीट।- फोटो : CITY OFFICE