अलीगढ़ शहर में डीजल से संचालित ऑटो धुंआ उगल रहे हैं। इससे प्रदूषण बढ़ रहा है। परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों को शहर से बाहर करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली, गाजियाबाद जैसे महानगर व एनसीआर में शामिल जिलों की तर्ज पर अलीगढ़ से भी स्मार्ट सिटी योजना में धुंआ उगलकर प्रदूषण फैला रहे डीजल इंजन वाले ऑटो को जल्द ही शहर से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इसकी योजना बना ली गई है, अब इसे जल्द अमलीजामा पहनाए जाने की तैयारी हो रही है।
स्मार्ट सिटी योजना में डीजल इंजन वाले ऑटो की जगह सीएनजी से संचालित ऑटो को चलाने की प्रक्रिया पर काम हो रहा है। आरटीओ प्रशासन दीपक शाह ने बताया कि विभाग के रिकार्ड के मुताबिक जिले में वर्तमान में 5932 टेंपो पंजीकृत हैं। इनमें 1731 डीजल से संचालित हो रहे हैं।
डीजल संचालित वाहनों से सीएनजी की अपेक्षा अधिक प्रदूषण निकलता है। मेट्रो शहरों से लेकर प्रदेश के ही तमाम बड़े शहरों में डीजल से संचालित ऑटो को शहर से बाहर कर दिया गया है। इन वाहनों का संचालन सिर्फ देहात क्षेत्र में ही हो रहा है। यहां भी आने वाले समय में यह प्लान शत- प्रतिशत तौर पर लागू होना है।