स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर को जल्द ही स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम की सौगात मिलने वाली है। इससे शहर स्मार्ट और सुरक्षित बनेगा। साथ ही इस संबंध शुक्रवार को एक बैठक हुई। इसमें स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।
कमिश्नर अजय दीप सिंह के निर्देश पर नगर अयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने आई ट्रिपल सी (इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर) की अब तक की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उत्तरदायी कंपनी स्ट्रबैक एजीए आफकान इंडिया प्राइवेट लिमिटेड व अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त को प्रगति से अवगत कराया। नगर आयुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों मेें अलीगढ़ शहर की हर छोटी बड़ी घटना की निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था, जीआईएसए एकीकृत परिवहन व्यवस्था, सर्विलांस व्यवस्था, हाई रेजूलेशन कैमरों से होगी। 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। दिसंबर 2019 तक पहला चरण पूरा हो जाएगा। बैठक में नोडल अधिकारी अजीत कुमार राय, गिरीश गुप्ता, अहसान रब आदि मौजूद थे।
यह होगा लाभ
- सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा
- एक्सीडेंट कर भागना संभव नहीं हो पाएगा
- कैमरों से गाड़ी के नंबर देख निगरानी आसान होगी
नगर निगम लगवाएगा हेल्थ चेकअप केयोस्क
शहर में स्मार्ट सिटी अभियान के तहत नगर निगम की कई स्थानों पर हेल्थ चेकअप केयोस्क लगवाने की योजना है। इसमें 42 तरह की महत्वपूर्ण जांचें हो सकेंगी। इसके साथ ही शहर के वंचित तपके को साफ पानी पहुंचाने के मकसद से आरओ पानी की वेंडिंग मशीन भी संचालित कराने की योजना है।
कुछ दिन पहले गभाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ चेकअप केयोस्क लगाया गया। वहां पर इसका प्रयोग बेहद सफल रहा। इसमें अलग अलग सेंसर के माध्यम से व्यक्ति के शरीर की 42 तरह की महत्वपूर्ण जांच हो जाती हैं। नगर निगम की योजना है कि शहर में चार ऐसे इलाके, जो बेहद पिछड़े हैं और जहां पर स्वास्थ्य परीक्षण की सबसे ज्यादा जरूरत है, वहां इन मशीनों को इंस्टाल किया जाए। इसके लिए कंपनी से ही करार किया जाएगा। उनको वहां जगह देकर कंपनी के ही कर्मचारी इसको आपरेट करेंगे। इसी क्रम में साफ पानी पहुंचाने के मकसद से आरओ पानी की वेडिंग मशीन भी शहर में कई इलाकों में चलाने की योजन है। इसमें पांच रुपये का सिक्का या दो रुपये का सिक्का डालकर साफ आरओ युक्त पानी प्राप्त किया जा सकेगा। इस तरह की मशीनें रेलवे में पहले से ही काम कर रही हैं। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल कहते हैं कि स्मार्ट सिटी में कई काम होने हैं। इसमें स्वास्थ्य भी प्राथमिकता है। जल्द ही यह योजना जमीन पर होगी।
स्मार्ट सिटी में गूलर रोड में बांटे डस्टबिन
नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने रविवार को महिलाओं को कूड़ेदान बांटे, ताकि महिलाओं को घर में कूड़े से खाद बनाने की ओर प्रेरित किया जा सके। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल द्वारा स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्थाओं को शहर के हर घर में लागू करने की योजना के क्रम में गूलर रोड फायर ब्रिगेड कॉलोनी में डेढ़ सौ घरों में नीले व हरे कूड़ेदान का वितरण किया गया। कॉलोनी में पौधरोपण भी किया गया। नगर आयुक्त ने कहा घर की महिलाएं स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण की प्रथम सीढ़ी होती हैं। यदि महिलाएं स्रोत पर कूड़ा प्रथक्करण के लिए जागरूक हो जाएं तो यह व्यवस्था संपूर्ण शहर में प्रभावी ढंग से लागू हो सकेगी। उन्होंने महिलाओं से स्रोत पर भी उड़ा पृथक्करण करने की अपील की।