तापमान जांचते स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
अलीगढ़ में कोरोना वायरस लगातार कहर बरपा रहा है। बृहस्पतिवार को कोरोना से तीन और मौत की खबर ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। वहीं आठ माह का एक बच्चा संक्रमित पाया गया है। इस तरह जिले में कोरोना से यह आठवीं मौत है, जबकि संक्रमित पाए गए मरीजों का आंकड़ा 67 पहुंच गया है।
जिला प्रशासन के स्तर से इनसे संबंधित इलाकों में सैनेटाइजेशन व परिवारों की रैंडम सैंपलिंग आदि का काम कराया जा रहा है। वहीं मृत पानी कारोबारी के शव का कोरोना प्रोटोकाल के तहत नुमाइश मैदान शमशान में अंतिम संस्कार कराया गया है।
दूसरे मृत व्यक्ति का शव देर रात तक जेएन मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा था। तीसरे फफाला के दवा कारोबारी की मौत दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मौत घोषित हुई है। मामू भांजा के 68 वर्षीय पानी कारोबारी को तबीयत खराब होने पर जेएन मेडिकल कॉलेज में भरती कराया था।
11 मई को उनका सैंपल लिया गया था। 13 मई को कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। अधिक तबीयत खराब होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। पानी कारोबारी की 65 वर्षीय पत्नी और 35 साल के बेटे का उपचार भी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दोनों बुखार से पीडि़त हैं।
इधर, गंभीरपुरा के एक हार्डवेयर सप्लायर को मौत के बाद कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह मरीज तबीयत खराब होने पर बुधवार देर शाम मेडिकल कॉलेज में पहुंचा था। जहां उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। मौत के बाद शव का कोरोना सैंपल लिया गया था, जिसकी बृहस्पतिवार शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
फिलहाल शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा हुआ है। सीडीओ ने देर रात गंभीरपुरा के इस मरीज की मौत की पुष्टि की है। इधर, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज पा रहे शहर के अवंतिका कालोनी निवासी फफाला मार्केट के कोरोना संक्रमित दवा व्यापारी की देर रात मौत की खबर आई है।
लगातार उनके परिवार के संपर्क में बने कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह टिल्लू ने मौत की पुष्टि करते हुए शुक्रवार को फफाला का दवा व्यापार पूरी तरह बंद रखने की घोषणा की है। इधर, जमालपुर का एक 8 माह का मासूम बच्चा कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है। उसका उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जिला प्रशासन आम जनता के साथ है। किसी को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। हम लगातार कोरोना का संक्रमण थामने पर काम कर रहे हैं। आज भी मामू-भांजा के पानी कारोबारी की मौत और आठ माह के बच्चे के कोरोना पॉजिटिव होने की दुखद खबर आई है। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
-चंद्रभूषण सिंह डीएम