कोरोना की दूसरी लहर शहर के छह और खैर के गोमत सहित अन्य गांव में अधिक प्रभावी बन रही है। पिछले तीन दिनों में यहां दर्जनों संक्रमित केस मिलने पर इनको कोरोना हॉटस्पॉट के तौर पर लेने और इनमें रैंडम सैंपलिंग कराने, टीकाकरण कराने के निर्देश डीएम की ओर से दिए गए हैं। सीएमओ को खुद मैदान में उतरने और एलटी टीम की संख्या बढ़ाने का आदेश है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कोरोना की समीक्षा बैठक हुई। इसमें उन्होंने कहा कि शहर के बन्नादेवी, रमेश विहार, स्वर्ण जयंती नगर, सुरक्षा विहार, प्रतिभा कॉलोनी एवं पला साहिबाबाद में कोविड से संक्रमित व्यक्ति सर्वाधिक संख्या में पाए जा रहे हैं। इसके साथ ही तहसील खैर के ग्राम गोमत एवं नजदीकी अन्य ग्रामों में भी संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इन सभी इलाकों में एलटी टीमों की संख्या को बढ़ाया जाए, टीकाकरण कराया जाए, लोगों को बिना मास्क के बाहर न निकलने दिया जाए। जो लोग समूह में बेवजह बैठकर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, उनको जागरूक किया जाए।
वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी शहर में लैब टेक्नीशियन की संख्या बढ़ाएं तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी क्षेत्र में स्वयं जाकर सैंपलिंग कराएं। इसके अतिरिक्त बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशनों पर बाहर से आने वाले समस्त यात्रियों की कोविड-की जांच कराई जाए। जनपद में स्थापित चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं तथा दैनिक होने वाली कार्यवाहियों एवं साफ-सफाई के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, अपर जिलाधिकारी वि/रा मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय एवं अपर जिलाधिकारी नगर मलखान सिंह जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराएं। बैठक में एसपी क्राइम, प्रभारी अधिकारी कोरोना कंट्रोल रूम, समस्त थानावार मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।