मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते पंचायत चुनाव में लगे कर्मियों और मंडियों में गेहूं खरीद सहित अन्य कामों में लगे कर्मियों का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं। श्रम विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडलायुक्त ने कहा है कि मंडी के थोक विक्रेताओं की टेस्टिंग और वैक्सीनेशन में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। सब्जी के फुटकर विक्रेताओं पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
मंडलायुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य से कोरोना से संबंधित प्रतिदिन की रिपोर्ट तलब की है। सभी सीएमओ को कोविड वैक्सीन को खराब न होने देेने के निर्देश दिए गए हैं। जांच की संख्या को मानक तक सीमित न रखकर अधिक से अधिक जांच करने और उसे अनुपात में ही टीका लगाने को कहा गया है। सार्वजनिक स्थलों पर बिना आरटीपीसीआर जांच कराए किसी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। मंडलायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों के खिालई निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। व्यापार संघों और छोटे व्यापारियों को जागरूक किया जाए। इसे जन आंदोलन बनाना होगा। इस समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। संक्रमण समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। अस्पतालों में कोविड वार्ड सक्रिय कर ऑक्सीजन, जीवन रक्षक दवाई, मैनपावर सहित समस्त औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाए।