जहरीली शराब पीने से बीमार हुए लोगों की मदद के लिए दूसरे जनपद से छह एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस मंगाई गई हैं। इस एंबुलेंस में वेंटिलेटर सहित अन्य जरूरी आधुनिक उपकरण उपलब्ध होते हैं। 108 एवं 102 एंबुलेंस सर्विस के कर्मचारी मरीजों का जीवन बचाने के लिए दिन-रात जुटे हैं। शुक्रवार एवं शनिवार को एंबुलेंस से 135 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया।
शुक्रवार की सुबह जहरीली शराब पीने से दर्दनाक मृत्यु का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह अभी भी थमा नहीं है। जहरीली शराब पीकर बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए हैं। कई तो जिंदगी और मौत से संघर्ष रहे हैं। घटना प्रकाश में आने के बाद बीमार लोगों का जीवन बचाने में एंबुलेंस (108/102) सर्विस के अधिकारी एवं कर्मचारी दिन-रात जुटे हैं। जनपद में वेंटिलेटर सहित एडवांस लाइफ सपोर्ट के तीन एंबुलेंस है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडवांस लाइफ सपोर्ट सर्विस की छह एंबुलेंस दूसरे जनपदों से मंगाई गई हैं। इनमें से 2 गाजियाबाद, 2 बुलंदशहर तथा मथुरा एवं कासगंज से एक-एक एंबुलेंस शामिल हैं। एंबुलेंस सर्विस के प्रोग्राम मैनेजर मो. अरशद ने बताया कि शुक्रवार को 11 एंबुलेंस से 52 मरीजों एवं शनिवार को 19 एंबुलेंस से 83 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। रविवार को विभिन्न गांवों से मरीजों को लाने का क्रम जारी है। इसके अतिरिक्त जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती गंभीर मरीजों को डायलिसिस के लिए मिथराज हॉस्पिटल में भेजा गया। एंबुलेंस सर्विस के नोडल अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि जहरीली शराब प्रकरण सामने आने के बाद एंबुलेंस सर्विस के लोग दिन-रात जुटे हुए हैं।
जहरीली शराब का प्रकरण सामने आते ही जिले के सभी एंबुलेंस टीम को सावधान कर दिया गया। एंबुलेंस सर्विस के अमित कुमार, अंशु गोयल एवं गौरव शर्मा टीम के साथ मरीजों का जीवन बचाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।
- मो. अरशद, प्रोग्राम मैनेजर, एंबुलेंस सर्विस