पोस्टमार्टम हाउस के प्रभारी फार्मासिस्ट पर जहरीली शराब से जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार वालों से अभद्रता का आरोप लगा है। इस मामले में सांसद सतीश गौतम से शिकायत हुई तो वह स्वयं पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। फार्मासिस्ट पर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ बीपी कल्याणी ने बताया कि उन्होंने शिकायत का संज्ञान ले लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम हाउस पर लगातार शवों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच कई मृतकों के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि शवों के पोस्टमार्टम में देरी की जा रही है। कई बार डॉक्टर चले जाते हैं। इसी को लेकर उन्होंने शिकायत की तो एक फार्मासिस्ट ने अभद्रता कर दी। इस मामले में शिकायत सांसद सतीश गौतम के पास पहुंची तो वह खुद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जल्द से जल्द पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराने का आश्वासन पीड़ितों को दिया। साथ ही फार्मासिस्ट पर नाराजगी जाहिर की। इधर, सुबह इसी फार्मासिस्ट के द्वारा एक मीडियाकर्मी से अभद्रता की गई तो उस प्रकरण की शिकायत डीएम से हो गई। डीएम ने तत्काल एसडीएम कोल रंजीत सिंह को मौके पर भेजा। रंजीत सिंह ने बताया कि मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई। किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। सांसद सतीश गौतम ने बतया कि फार्मासिस्ट को हटाने के निर्देश सीएमओ को दिए हैं। सीएमओ स्तर से जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एमएलसी मानवेंद्र प्रताप ने जाना पीड़ितों का हाल
पोस्टमार्टम हाउस पर नेताओं को पहुंचने का सिलसिला जारी है। रविवार भाजपा नेता शशि पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। साथ ही कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील बंसल भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों का हाल जाना। सभी को सांत्वना दी। साथ ही भाजपा सरकार से मांग रखी कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं, शाम के समय एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। उनके साथ भाजपा नेता डॉ. निशित शर्मा भी मौजूद रहे। एमएलसी ने बताया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने मौतों के संबंध में बताया कि उन्हें पता लगा है कि शराब कांड में अब तक 65 मौत हुई हैं। इनमें से 60 का पोस्टमार्टम हुआ है। पांच का चल रहा है।