गांव के 90 वर्षीय हरपाल सिंह सन 1957 में जाट रेजिमेंट में हवलदार के पद पर भर्ती हुए। इन्होंने भारत-चीन और भारत-पाकिस्तान से हुए युद्धों में भाग लिया। हरपाल सिंह कहते हैं कि भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला बहादुरी से लिया गया है। हरपाल सिंह के सेना में जाने के बाद से गांव में इसकी परंपरा शुरू हो गई।
अफ्रीका में कांगो युद्ध लड़ा
87 वर्षीय श्योदान सिंह सन 1960 में जाट रेजिमेंट में सिपाही के पद पर तैनात हुए। इन्होंने भी भारत-चीन युद्ध में बहादुरी से दुश्मन का सामना किया। भारत-पाकिस्तान से हुए युद्ध में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में कांगो युद्ध में शामिल हुए। सेवानिवृत्ति से पूर्व इन्हें सात मेडल देकर सम्मानित भी किया गया था।
अब तीसरी पीढ़ी दे रही सेवाएं
श्योदान सिंह ने बताया कि उनके दो भाई हरी सिंह, शेर सिंह और चार बेटे अशोक कुमार, विनोद कुमार, भूरा सिंह, योगेंद्र सिंह भी सेना में भर्ती हुए। सभी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब पौत्र रोहन सिंह, मोहन सिंह, पंकज सिंह, दीपू सिंह सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो देश की अलग-अलग सीमाओं पर तैनात हैं।
सेवानिवृत्त कैप्टन केहरी सिंह ने बताया कि 1961 में वह सेना में भर्ती हुए। बाद में उनके चार भाई सरदार सिंह, रामेंद्र सिंह, सूबेदार मुख्तियार सिंह और शौली सिंह भी सेना से जुड़ गए। पांचों भाइयों ने भारत-पाकिस्तान से हुए युद्धों में भाग लिया। वर्तमान में उनका पौत्र और एक भतीजा सेना में हैं। पौत्र ऋषि चौधरी की जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनाती है।
ओमवीर ने लड़ा कारगिल युद्ध
नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त ओमवीर सिंह वर्ष 1998 में जाट रेजिमेंट में लगे। इन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया था। उनके पिता स्व. नन्नू सिंह हवलदार के पद से 1982 में सेवानिवृत्त हुए थे। नन्नू सिंह ने भारत-पाकिस्तान युद्ध में भाग लिया था। ओमवीर सिंह ने कहा कि अगर बुलावा आया तो वह पाकिस्तान से जंग लड़ने के लिए जरूर जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
अरनिया से ग्राउंड रिपोर्ट: सतर्कता-साहस के साथ डटे लोग, राष्ट्रीय सुरक्षा में बन रहे सहभागी; जरूरी सेवाएं चालू
संबंधित वीडियो-