शहर के बारहद्वारी पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की प्रवर्तन टीम व दुकानदार के बीच हुए विवाद से स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी है। बुधवार को दूसरे दिन दुकानदारों ने विरोध में बैनर-पोस्टर लगाए और अपनी दुकानें बंद रखीं।
पहले दुकानदार एकत्रित होकर थाना बन्ना देवी पहुंचे, फिर अपना पक्ष रखा। जहां से जांच व कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर दोपहर बाद दुकानदारों ने दुकानें खोल लीं। अतिक्रमण हटवाने के दाैरान दुकानदार गोपाल शर्मा ने विरोध करते हुए अपने ऊपर व नगर निगम टीम के एक कर्मचारी पर केरोसिन उड़ेल दिया था।
इस दाैरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। दुकानदार गोपाल शर्मा की तरफ से बन्ना देवी थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि नगर निगम की टीम ने पहुंचकर उनसे दुकान खाली करने के लिए कहा। जब उन्होंने विरोध किया तो टीम ने उनके साथ मारपीट की।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि बारहद्वारी में नगर निगम मार्केट की दुकानों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और इस पर स्थगन आदेश भी है। दुकानदार का आरोप है कि घटना से आहत होकर उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान हुई छीना-झपटी में उनके ऊपर डाला गया मिट्टी का तेल नगर निगम टीम पर भी गिर गया और उसे चोटें भी आईं।
दुकानदार ने तहरीर में नगर निगम के अधिकारी एमपी सिंह एवं कार्रवाई में शामिल टीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ बन्ना देवी धनंजय सिंह का कहना है कि नगर निगम व दुकानदार के पक्ष के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
गंदगी फैलाना पड़ा भारी, लगाया पांच हजार का जुर्माना
नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को दूसरे दिन भी शहर में अभियान जारी रखा। टीम ने वार्ड-25 की मधुबन गीतांजलि कॉलोनी, ओजोन सिटी रोड पर सड़क और नाले में गोबर व अन्य कचरा फैलाने की शिकायत पर छापा मारा और डेयरी संचालक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया।
नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा को जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायत के बाद पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा। शिकायत सही मिलने पर टीम ने सड़क पर पशुओं को बांधने के लिए लगाए गए खूंटे हटवाए और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के मामले में जुर्माना वसूला।
डेयरी संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि भविष्य में दोबारा सड़क, नाले या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गोबर एवं कचरा फैलाकर गंदगी की गई तो उसके पशुओं को जब्त कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।