सेंटर प्वाइंट से अलीगढ़ की ओर जाने वाला यह मार्ग आज से होगा वन-वे। संवाद
जाम से राहत दिलाने के लिए बृहस्पतिवार से शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू की जा रही है। नए ट्रैफिक प्लान के तहत वाहनों की आवाजाही तय दिशा में ही होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी कर लें, ताकि रास्ते में परेशानी और चालान से बचा जा सके।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि दुबे का पड़ाव पर रूट डायवर्जन प्लान के बाद अब इसे नियमित रूप से लागू किया जा रहा है। नगर निगम सेवा भवन में व्यापारियों के साथ हुई बैठक में ट्रैफिक सुधार को लेकर कई सुझाव मिले हैं। इसी क्रम में मार्गों पर बड़े और छोटे साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रैफिक पुलिस 24 घंटे व्यवस्था की निगरानी करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को जाम, अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात से मुक्त बनाने के लिए आगे भी ऐसे सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए पीली पट्टी के भीतर ही दुकान, ठेला और पार्किंग की अनुमति होगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अविनाश कुमार ने शहरवासियों से नई व्यवस्था में सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। एसएसपी नीरज जादौन ने कहा कि वन-वे व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
इन मार्गों पर लागू होगी वन-वे व्यवस्था
- स्टेशन रोड मधेपुरा से सेंटर प्वाइंट की ओर आवागमन रहेगा। सेंटर प्वाइंट से स्टेशन की ओर आने वाले वाहन एसबीआई मार्ग से जाएंगे।
- गांधी आई हॉस्पिटल तिराहे से समद रोड होते हुए सेंटर प्वाइंट की ओर सीधा प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सेंटर प्वाइंट से गांधी आई हॉस्पिटल की ओर वाहन जा सकेंगे।
- अचल ताल तिराहे से पालीवाल रोड होते हुए हाथरस अड्डा तक वन-वे रहेगा। हाथरस अड्डा से अचल ताल की ओर प्रवेश नहीं होगा।