शूटर देवेंद्र ने अपनी ससुराल में खुद को पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसी मामले में हालांकि उस दिन खबर पर पलवल से आए देवेंद्र के पिता ने बेटे की मृत्यु को संदिग्ध करार दिया था, मगर बाद में देवेंद्र की पत्नी खुशबू ने अदालत की शरण लेकर याचिका दायर की।
अलीगढ़ महानगर के बाइकर्स गैंगवार के चर्चित शूटर देवेंद्र उर्फ बेबी की आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है। देवेंद्र की पत्नी ने शूटर पति की आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप पिता, भाई व भाभी पर आरोप लगाया है। इस मामले में पत्नी की याचिका पर अदालत ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। जिसके आधार पर देहली गेट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि देवेंद्र उर्फ बेबी दूसरे गुट के बाइकर्स शरद गोस्वामी व जीतू चौधरी हत्याकांड में आरोपी था।
विज्ञापन
मूल रूप से रामघाट रोड पर निरंजनपुरी के देवेंद्र उर्फ बेबी के पिता देवनारायण काफी समय से परिवार के साथ हरियाणा पलवल की परशुराम कालोनी में रहते हैं। देवेंद्र ने देहलीगेट की नगला मौलवी के कृषि विभाग के प्रधान सहायक रतन सिंह चौहान की बेटी खुशबू से 12 मार्च 2024 को शादी की थी। इसके बाद 21 मई 2025 को देवेंद्र ने अपनी ससुराल में खुद को पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसी मामले में हालांकि उस दिन खबर पर पलवल से आए देवेंद्र के पिता ने बेटे की मृत्यु को संदिग्ध करार दिया था, मगर बाद में देवेंद्र की पत्नी खुशबू ने अदालत की शरण लेकर याचिका दायर की।
जिसमें कहा गया कि उसके पिता ने शादी में 25 लाख रुपये खर्च किए थे, मगर ससुराल वाले इससे संतुष्ट न होकर उसे परेशान करते थे। देवेंद्र अपने परिवार का विरोध करता था, मगर उसके पिता देवनारायण, भाई हेमेंद्र, भाभी देवांशी उसे जोरू का गुलाम कहते थे। 25 मार्च को उसे मारपीट कर यह कहते हुए घर से निकाल दिया कि मायके से 10 लाख रुपये लेकर आना। उस समय उसके ससुर ने नशे में उस पर चाकू से वार किया था। मायके आकर कुछ दिन बाद फिर ससुराल गई। वहां 23 अप्रैल को फिर उसका उत्पीड़न किया गया।
विज्ञापन
इसके बाद उसके पति उसे मायके में छोड़ गए, फिर वे 21 मई को मिलने आए। जहां उन्होंने बताया कि परिजन से उसे परेशान कर रहे हैं। इसी से दुखी होकर देवेंद्र ने आत्महत्या की है। खुशबू की याचिका पर अदालत ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसएचओ ईश्वर सिंह के अनुसार देवनारायाण, उसके बेटे व बहू पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्यों व तथ्यों की जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।