केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे कक्षा 12वीं की परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। महानगर के संत फिदेलिस स्कूल के शिवम सक्सेना व विजडम पब्लिक स्कूल के सुनील सिंह राघव 96.6 फीसदी अंक लाकर जिले में संयुक्त रूप से अव्वल रहे। अल बरकात पब्लिक स्कूल की हनीन शहादत 96.2 फीसदी अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं।
वहीं, दिल्ली पब्लिक स्कूल के ध्रुव प्रताप सिंह व नीहार मीरा इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आदर्श कुमार संयुक्त रूप से 96 फीसदी अंक लाकर तीसरे स्थान पर रहे। टॉप थ्री में आने वाले सभी विद्यार्थी कामर्स के हैं।
विजडम पब्लिक स्कूल की महक अग्रवाल (कामर्स) 95.8 फीसदी अंक हासिल कर जिले में चौथे स्थान पर रहीं। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल की शीतल चौधरी (मानविकी) ने 95.2 अंक फीसदी पाकर पांचवां स्थान हासिल किया। सिटी कोआर्डिनेटर सीबीएसई रश्मि ग्रोवर ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में कुल 4875 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें संस्थागत 4376 परीक्षार्थी व प्राइवेट के 499 परीक्षार्थी शामिल हैं।
इकराम वारिस
जब शिवम सक्सेना के सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में जिला टॉप करने की जानकारी उनकी मां अर्चना सक्सेना को मोबाइल फोन पर अमर उजाला ने दी, तो उनके मुंह से पहला अल्फाज ‘ओ माई गॉड’ निकला। इसमें खुशी से ज्यादा बेटे पर गर्व होने का भाव था। अर्चना ने अकेले ही उसे पाल-पोस कर काबिल बनाया है। वह कहती हैं ‘मेरी दुआ से ज्यादा बेटे की मेहनत रंग लाई है’।
महानगर के जयगंज कटारी वाली गली में अपनी मां अर्चना के साथ रहते हैं। शिवम के पिता विवेक चंदोला का दो साल पहले निधन हो चुका है। अर्चना कहती हैं कि मुझे अपने बेटे पर बहुत भरोसा है, वह मेरा नाम रोशन करेगा। उस पर कभी दबाव नहीं बनाया, खुलकर आजादी दी। नतीजा आज सबके सामने है। बेटे को माता-पिता दोनों का प्यार दे रही हूं। शिवम ने उनके संघर्ष की गाथा की लकीर के आगे अपनी पढ़ाई की बड़ी लकीर खींच दी है।
अर्थशास्त्री बनना चाहते हैं : शिवम
जिले में टॉप करने वाले संत फिदेलिस स्कूल के शिवम सक्सेना ने कहा कि वह अर्थशास्त्री बनना चाहते हैं। अर्थशास्त्र विषय में उनको 100 नंबर मिले हैं। जयगंज कटारी वाली गली में अपनी मां अर्चना सक्सेना के साथ रह रहे शिवम ने स्कूल की ओर से प्रदेश स्तर पर गीत प्रतियोगिता में अपना जौहर दिखा चुके हैं। उन्हें संगीतकार एआर रहमान पसंद हैं, क्योंकि वह अलग अंदाज में गाना गाते हैं और संगीत भी दूसरों से अलग देते हैं।
अभी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहता हूं : सुनील
जिले में टॉप करने वाले विजडम पब्लिक स्कूल के सुनील सिंह राघव कहते हैं कि अभी तो उनका पूरा फोकस पढ़ाई पर है। बी.काम ऑनर्स करना चाहते हैं। सुरेंद्र नगर निवासी कल्यान सिंह राघव व ऊषा सिंह के बेटे सुनील ने कहा कि अभी वह दिल्ली में सीएस की तैयारी कर रहे हैं।
सीए बनना चाहती हैं : हनीन
जिले में दूसरा स्थान पाने वालीं अल बरकात पब्लिक स्कूल की हनीन शहादत ने कहा कि वह चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं। दिल्ली में रह रही मां शाहीन परवीन व शहादत हुसैन की इस होनहार बेटी ने कहा कि उसने कोचिंग नहीं की है। हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की। इसके लिए शिक्षकों व माता-पिता को श्रेय देती हूं।
96.6 फीसदी अंक का जादू इस बार भी बरकरार
बीते वर्ष 2017 में 12वीं की परीक्षा परिणाम में डीपीएस की विभूति भारद्वाज ने 96.6 फीसदी अंक लाकर जिला टॉप किया था। इस बार भी वही अंक का जादू बरकरार है। अलबत्ता, स्कूल और विद्यार्थी के नाम बदल गए हैं। हालांकि, पिछले साल डीपीएस जिले में पहले व दूसरे स्थान पर था, लेकिन इस बार उसे तीसरा स्थान मिला है। पिछली बार रविवार को रिजल्ट आया था, इस बार शनिवार को आया।