गोदाम के बरामद वाहनों के इंजन।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
महानगर के शाहजमाल इलाके में लंबे समय से कबाड़ कारोबार की आड़ में चोरी के वाहनों के धंधे की शिकायत पर सोमवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान आरोपी तो वहां से गायब हो गए। मगर पुलिस ने वह गोदाम जरूर घेर लिए, जिनमें यह धंधा चल रहा था। इस दौरान इलाके की महिलाओं ने पुलिस टीम को घेर लिया। इस पर बाद में महिला पुलिस बुलाकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की। मौके से पुलिस दो साबुत गाड़ियों सहित डेढ़ दर्जन से ज्यादा दुपहिया व चौपहिया वाहनों के इंजन व अन्य पार्ट्स जब्त कर लाई है, जिसकी जांच चल रही है।
दो दिन पहले इलाके के लोगों ने एसएसपी को इस संबंध में शिकायत दी थी। इस शिकायत की जांच एसएसपी ने एएसपी/सीओ बरला अमित कुमार को दी। उन्होंने जांच शुरू करते हुए सोमवार की सुबह-सुबह को मौका मुआयन किया तो वहां अलग-अलग कबाड़ गोदाम चला रहे तीन लोग काले, दानिश व इंतजार मौके से अपने गोदामों में ताले लगाकर भाग खड़े हुए। इस पर एएसपी का माथा ठनका तो उन्होंने उन तीनों के गोदाम सील कराने व मौके से माल जब्त कराने की तैयारी शुरू कर दी। इस पर इलाके की महिलाएं आ गईं। इन महिलाओं ने एएसपी व उनके साथ गई पुलिस टीम को घेर लिया। इस सूचना पर बाद में एसपी सिटी, सीओ प्रथम, एसओ देहली गेट, एसओ महिला थाना आदि पहुंच गए। बाद में पुलिस बल ने पहुंचकर मामला शांत कराते हुए वहां से दो साबुत कार व डेढ़ दर्जन से ज्यादा वाहनों के इंजन बरामद किए। पुलिस ने गोदाम इस मंशा से सील करा दिए हैं कि आखिर उन्हें देख संचालक क्यों भागे। वहां सील खुलवाकर जांच कराई जाएगी। साथ ही जब्त किए गए वाहनों व इंजन आदि की जांच कराई जाएगी।