क्षेत्र के गांव जगतपुर के रंजीत सिंह एयरपोर्ट में शिक्षक हैं। उनकी बेटी निशा कुछ समय पहले तक नोएडा की किसी कंपनी में जॉब करती थी, जहां आगरा के रामबाग का राहुल भी कंप्यूटर इंजीनियर की जॉब करता है। सजातिय होने के चलते दोनों में दोस्ती हुई। बाद में दोनों के परिवार ने इस दोस्ती को रिश्तेदारी में बदलने पर शादी तय कर दी। अब निशा भी शिक्षिका है। शुक्रवार देर रात तक सब कुछ सामान्य चल रहा था। जब यह घटनाक्रम हुआ तो कुछ देर को शादी समारोह रुका। बाद में आनन-फानन भांवरों की प्रक्रिया पूरी कर एक बजे दुल्हन को विदा कराकर ले जाया गया। इसी बीच सूचना पर आगरा से तीन-चार गाड़ियों में भरकर कुछ लोग करीब दो बजे यहां पहुंच गए। उन्होंने काफी देर तक गेस्ट हाउस के बाहर शादी न होने देने की बात कहते हुए हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत किया। इसके बाद थाने ले जाकर मुकदमे आदि की प्रक्रिया की।
एक बेटी का पिता था मृत विनय
दूल्हे राहुल का चचेरा भाई विनय तीन भाइयों में सबसे छोटा था। विवाहित विनय के डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी थी। दूल्हे राहुल के पिता व चाचा का रामबाग में ट्रांसपोर्ट का व्यापार है, जबकि विनय फाइनेंस से जुड़ा व्यापार करता था। शादी के बाद बेशक दुल्हन घर पहुंच गई, लेकिन परिवार में कोहराम के हालात थे।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस घटना के संबंध में दूल्हे के चाचा और मृत विनय के पिता गिरवर सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें दुल्हन के खानदानी चाचा पूर्व सैन्य कर्मी जोगेंद्र, उनके बेटे ज्ञानप्रकाश, पुष्पेंद्र, जयंत, गुल्लू, अतुल, मनोज, नरेश, विवेक व आकाश को नामजद किया गया है। पुलिस ने इनमें से पुष्पेंद्र को दबोच लिया, जबकि अन्य कई हिरासत में हैं।
आरोपी पक्ष भाजपा एमएलसी का रिश्तेदार, जताई चिंता
दुल्हन व मुकदमे में नामजद पक्ष अतरौली के ही रहने वाले भाजपा एमएलसी ऋषिपाल सिंह का रिश्तेदार है। नामजद आरोपी जोगेंद्र के परिवार में उनके बेटे की ससुराल है। इस घटना पर उन्होंने दुख व चिंता जताई है। उनका कहना है कि मामूली से विवाद में इस तरह की घटना चिंताजनक है। सीसीटीवी देखने से साफ हुआ है कि किस तरह मारपीट हुई, पुलिस अपना काम कर रही है।