फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टशन में खूनखराबा: दूल्हे के भाई सहित सात बराती थे निशाने पर, आरोपी पक्ष भाजपा एमएलसी का रिश्तेदार, जताई चिंता

Sun, 16 Nov 2025 12:50 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

दुल्हन व मुकदमे में नामजद पक्ष अतरौली के ही रहने वाले भाजपा एमएलसी ऋषिपाल सिंह का रिश्तेदार है। नामजद आरोपी जोगेंद्र के परिवार में उनके बेटे की ससुराल है। इस घटना पर उन्होंने दुख व चिंता जताई है।
विज्ञापन
मारपीट में घायल मोनू सहित अन्य बराती - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कल्याण सिंह के गांव मढ़ौली के बाहर बने गेस्ट हाउस में 14 नवंबर रात जो खूनखराबा हुआ, उसकी वजह महज युवा बराती-घरातियों की टशन बनी। हमलावरों के निशाने पर दूल्हे के भाई सहित सात बराती थे। हमलावर इतने गुस्से में थे कि बच्चा-बुजुर्ग जो भी बीच में आ रहा था, उसी पर लाठी-डंडे बरसाए व लूटपाट तक की। बरातियों ने भी बचाव में गेस्ट हाउस के बाहर रखे गमले-ईंट पत्थर फेंके, जिससे कुछ देर तक वहां गुरिल्ला युद्ध के हालात बने। ये सब कुछ सीसीटीवी में कैद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।

विज्ञापन


इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों व सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सब कुछ सामान्य चल रहा था। बरात चढ़त के बाद जयमाला हो रही थी। बरात में बस के जरिये आए बराती खाना खा चुके थे, उन्हें वापस भेजने के लिए बस में सवार किया जा रहा था। विनय के पांव पर बाइक चढ़ने का विवाद शांत करा दिया गया था। इसके 15 मिनट बाद ही घराती पक्ष के लोग विनय के साथी को बाहर लाकर उसके कपड़े उतारकर फोटो खींच रहे थे। उसकी जेब से रुपये भी निकाल लिए थे।
विज्ञापन

यह सब करते हुए घराती पक्ष के युवक टीका-टिप्पणी करते हुए कह रहे थे कि चढ़त के बाद बरात जब दरवाजे पर आई थी, तब ये व इसके साथी बड़ी टशन में हम लोगों को घूर रहे थे, यह सुनकर वह डर गया। बेइज्जती से बचने के लिए वह भागकर अंदर गया व विनय को बुलाकर लाया। विनय के आते ही घराती पक्ष के युवक हमलावर हुए। साथ में यह चिल्लाने लगे कि इनके साथ वालों को भी खोजो। विनय सहित सात लोग एक कार में आए थे, जिनमें दूल्हे का सगा भाई योगेंद्र भी शामिल था। इन सभी को खोजते हुए लाठी-डंडों व हॉकियों-रॉड से मारपीट शुरू कर दी गई। मतलब साफ था कि साजिश के तहत यह सब किया गया, अचानक से ये हथियार नहीं आए होंगे। मारपीट व शोर-शराबे पर शादी समारोह के अंदर से आए व बस में सवार होकर जाने वाले बराती उतरकर बीच बचाव कराने लगे तो उन पर भी हमला किया गया।
यह भी पढ़ें... Aligarh: बरातियों पर घरातियों का हमला, दूल्हे के चचेरे भाई की हत्या, तीन घायल, दस पर मुकदमा, एक गिरफ्तार
बचाव में बरातियों ने गमले व ईंट पत्थर आदि फेंके। इस हमले में मृत विनय के घायल भाई मोनू उर्फ मोनवीर के अनुसार विनय व उसके गले से जंजीर लूट ली गई। अन्य लोगों के साथ भी लूटपाट की गई। बाद में पुलिस ने विनय के अलावा योगेंद्र, देवा, देवेंद्र, मोनवीर, सोनवीर, दिलीप, अनूप, रामकुमार, अरुण, श्यामवीर का मेडिकल परीक्षण कराया। इधर, विनय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट आई हैं। सिर की हड्डी में आधा दर्जन से अधिक चोट व अत्यधिक रक्तस्राव मृत्यु का कारण बना है।

Trending Videos
विज्ञापन

आनन-फानन दुल्हन विदा, फिर बरातियों का हंगामा

क्षेत्र के गांव जगतपुर के रंजीत सिंह एयरपोर्ट में शिक्षक हैं। उनकी बेटी निशा कुछ समय पहले तक नोएडा की किसी कंपनी में जॉब करती थी, जहां आगरा के रामबाग का राहुल भी कंप्यूटर इंजीनियर की जॉब करता है। सजातिय होने के चलते दोनों में दोस्ती हुई। बाद में दोनों के परिवार ने इस दोस्ती को रिश्तेदारी में बदलने पर शादी तय कर दी। अब निशा भी शिक्षिका है। शुक्रवार देर रात तक सब कुछ सामान्य चल रहा था। जब यह घटनाक्रम हुआ तो कुछ देर को शादी समारोह रुका। बाद में आनन-फानन भांवरों की प्रक्रिया पूरी कर एक बजे दुल्हन को विदा कराकर ले जाया गया। इसी बीच सूचना पर आगरा से तीन-चार गाड़ियों में भरकर कुछ लोग करीब दो बजे यहां पहुंच गए। उन्होंने काफी देर तक गेस्ट हाउस के बाहर शादी न होने देने की बात कहते हुए हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत किया। इसके बाद थाने ले जाकर मुकदमे आदि की प्रक्रिया की।

एक बेटी का पिता था मृत विनय
दूल्हे राहुल का चचेरा भाई विनय तीन भाइयों में सबसे छोटा था। विवाहित विनय के डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी थी। दूल्हे राहुल के पिता व चाचा का रामबाग में ट्रांसपोर्ट का व्यापार है, जबकि विनय फाइनेंस से जुड़ा व्यापार करता था। शादी के बाद बेशक दुल्हन घर पहुंच गई, लेकिन परिवार में कोहराम के हालात थे।

इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस घटना के संबंध में दूल्हे के चाचा और मृत विनय के पिता गिरवर सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें दुल्हन के खानदानी चाचा पूर्व सैन्य कर्मी जोगेंद्र, उनके बेटे ज्ञानप्रकाश, पुष्पेंद्र, जयंत, गुल्लू, अतुल, मनोज, नरेश, विवेक व आकाश को नामजद किया गया है। पुलिस ने इनमें से पुष्पेंद्र को दबोच लिया, जबकि अन्य कई हिरासत में हैं।

आरोपी पक्ष भाजपा एमएलसी का रिश्तेदार, जताई चिंता
दुल्हन व मुकदमे में नामजद पक्ष अतरौली के ही रहने वाले भाजपा एमएलसी ऋषिपाल सिंह का रिश्तेदार है। नामजद आरोपी जोगेंद्र के परिवार में उनके बेटे की ससुराल है। इस घटना पर उन्होंने दुख व चिंता जताई है। उनका कहना है कि मामूली से विवाद में इस तरह की घटना चिंताजनक है। सीसीटीवी देखने से साफ हुआ है कि किस तरह मारपीट हुई, पुलिस अपना काम कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें