पकड़े गये अभियुक्त को लेकर पत्रकारो से वार्ता करते एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत।
- फोटो : CITY OFFICE
क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह निवासी जेएन मेडिकल कॉलेजकर्मी अली अजहर उर्फ रिक्की के घर से चोरी के आरोपी नौकर दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों यहां से सीधे बल्लभगढ़ भाग गए थे। वहां से कुछ माल बेचने के इरादे से आए, तभी उनको दबोचा गया है और उनसे दो लाख करीब के जेवरात भी बरामद हुए हैं। सोमवार को दोनों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 5/6 फरवरी की रात हुई चोरी की इस घटना के खुलासे में इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल व उनकी टीम ने प्रयास कर समीर उर्फ शरीफ पुत्र हफीज निवासी खगडिया बेगूसराय बिहार वर्तमान पता बल्लभगढ़, फरीदाबाद हरियाणा उसकी पत्नी सोनिया को एफएम टॉवर के पास से दबोच लिया। दोनों ने स्वीकारा कि उन्होंने ही अपने मालिक के घर चोरी की है। बाद में उनकी निशानदेही से कुछ माल बरामद किया गया है। कुल दो लाख की ज्वेलरी, कपड़े आदि बरामद किए गए हैं।
मासूम भी भुगतेगा मां-बाप के किए की सजा
चोरी में पकड़े गए दंपती पर एक साल का एक बच्चा भी है। चूंकि इन दोनों का यहां कोई नहीं है, इसलिए वे दोनों बच्चे को किसी के पास छोड़ नहीं सकते। इसलिए नियमानुसार बच्चा मां के साथ जेल भेजा गया है। बच्चे को मां की गोद में जेल जाते देख लोग यही कह रहे थे कि मां-बाप के किए की सजा मासूम भी भुगतने जा रहा है।