रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के 23 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। तीन महीने के इस कार्यक्रम में छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशासन ने बृहस्पतिवार को इस कार्यक्रम का खाका खींच दिया।
मुख्य विकास अधिकारी प्रदीप नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में चलाए जाने वाले रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का खाका खींचा गया। सीडीओ ने इस कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डीआईओएस संतप्रकाश को इस कार्यक्रम का पर्याप्त प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यक्रम में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीआईओएस ने बताया कि यह कार्यक्रम जुलाई से सितंबर तक चलाया जाएगा। इसके लिए छात्राओं को मार्शल आर्ट, जूडो, ताईक्वांडो और कराटे आदि के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों का चयन किया जाना है। इच्छुक प्रशिक्षक 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।