राज्य शिक्षा संस्थान प्रयागराज में उप्र शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर प्रदेश की चार बोलियां अवधी, ब्रज भाषा, भोजपुरी और बुंदेली का शब्दकोश तैयार किया जा रहा है। इसके लिए एएमयू के स्कूल शिक्षक डॉ. जुल्फिकार का चयन किया गया है। प्रदेश भर से प्रत्येक बोली के लिए तीन-तीन भाषा विशेषज्ञों की टीम का चयन किया गया है, जिन्हें शब्दकोश तैयार करना है।
ब्रज भाषा की टीम में डॉ. जुल्फिकार का चयन किया गया है, जो राजा महेंद्र प्रताप सिंह एएमयू सिटी स्कूल में वरिष्ठ हिंदी प्रवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि चारों शब्दकोशों का कार्य अंतिम चरण में है, जनवरी से पांच-पांच कार्य दिवस के छह चरणों का कार्य पूर्ण हो चुका है। मथुरा के शिवकुमार और तेजवीर सिंह उनका सहयोग कर रहे हैं। इस शब्दकोश निर्माण का उद्देश्य प्रादेशिक बोलियों को बढ़ावा देना है और दूसरे लोगों को प्रदेश की बोलियों का विस्तार करना और उन्हें समझना है, जिसमें प्राथमिक और माध्यमिक छात्रों के पाठ्यक्रम को ध्यान में रखकर कार्य किया जा रहा है, ताकि शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को अपनी बोली को समझना और सुगम हो सके। ब्यूरो