बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे कस्बे के अड्डे पर तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने दो बालकों को टक्कर मार दी। इसमें एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। गाड़ी छोड़कर चालक भाग निकला। गाड़ी में एसडीओ और उत्तर प्रदेश शासन लिखा है। थाना पुलिस के अनुसार पंजीकरण नंबर के जरिये गाड़ी मालिक का पता लगाया जा रहा है। गाड़ी मालिक से पूछताछ में पता चल सकेगा कि गाड़ी किस विभाग में किस एसडीओ के पास लगी है।
कालूराम उर्फ कालीचरण अपनी पत्नी मालती और बच्चे के साथ ननिहाल मडराक में रह रहे हैं। पत्नी मालती एक अस्पताल में काम करती है। बृहस्पतिवार को उनका नौ वर्षीय पुत्र राज अपने मामा सोनू के पुत्र नकश के साथ अपनी मां मालती को खाना देने अस्पताल गया था। वहां से लौटते समय अड्डे पर तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों बालक घायल हो गए।
थाना पुलिस के अनुसार गाड़ी में चालक था। बालकों के घायल होने पर वही दोनों को अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टर ने राज को मृत घोषित कर दिया। इस पर घबड़ाकर गाड़ी चालक भाग निकला। गाड़ी पुलिस के कब्जे में है। यह गाड़ी नोएडा में कामर्शियल वाहन में पंजीकृत है। तमाम विभागों में किराए पर वाहन लगे रहते हैं। पता लगाया जा रहा है कि यह गाड़ी मौजूदा समय में किसी विभाग और अधिकारी के पास लगी है अथवा पहले कभी लगी थी।