अलीगढ़ में अतरौली तहसील क्षेत्र के गांव रजातऊ के निकट स्कूल बस आलू के खेत में पलट गई। बस पलटने से बच्चों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बस में से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अलीगढ़ में अतरौली तहसील क्षेत्र के गांव रजातऊ के निकट खेत में स्कूल बस पलट जाने से चीख पुकार मच गई। गनीमत रही किसी बच्चे के ज्यादा चोट नहीं आई। मामूली रूप से घायल हुए बच्चों का निजी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार कराया गया है।
विज्ञापन
27 अक्तूबर सुबह करीब 7.30 बजे अतरौली के सिटी कॉन्वेंट स्कूल व सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र छात्राओं को लेकर एक मिनी बस पनेहरा की ओर से अतरौली जा रही थी। बस में महेरा, गहतोली निर्मल, धुर्रा प्रेमनगर, पनेहरा, कासिमपुर नागरी, समसपुर, रजातऊ, चितनगला आदि गांवों के बच्चे थे। बस गांव रजातऊ के बंबा के पुल के निकट पहुंची तो कुछ खराबी आ गई।
विज्ञापन
इससे चालक का बस से नियंत्रण खो गया और बस सड़क के किनारे सुनील शर्मा के आलू के खेत में पलट गई। इससे बच्चों में चीख पुकार मच गई, बच्चे रोने लगे। खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़े और बच्चों को आनन फानन सकुशल बाहर निकाला। बच्चे बेहद डरे सहमे हैं। हादसे की सूचना पर मौके पर अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर ऋषीपाल सिंह कसाना मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
सड़क के किनारे है अतिक्रमण
अतरौली पनेहरा रोड पर सड़क के किनारे कुछ लोगों ने पटरी पर पतेल और करब लगा रखी है। इससे चालकों को अचानक वाहन को बचाने की पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है। साथ ही पीडब्ल्यूडी ने सड़क के किराने खड़ी झाड़ियां भी नहीं कटवाईं हैं। जिससे सड़क के किनारे की दृश्यता प्रभावित हो रही है। पटरी पर जगह जगह हो रहे गहरे गडढे भी नहीं भरवाए गए। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।