अमर उजाला सत्ता का संग्राम के तहत सुबह की शुरुआत अतरौली अड्डा पर चाय पर चर्चा में चौपाल के बीच हुई। इस दौरान दस वर्ष में सांसद के लोगों के बीच कम पहुंचने की बात सामने आई। हालांकि, भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था को लोगों ने बेहतर बताया। मगर स्वास्थ्य, रोजगार, महंगाई, खेल सुविधाओं, शहरी विकास पर अपनी परेशानी बताई। साथ में स्मार्ट सिटी के नाम पर हो रहे मजाक पर जमकर जोर दिया। हां, हाईवे बनाने, अपराध नियंत्रित होने पर सरकार की खुलकर तारीफ की।
चाय पर ये रखे गए विचार
- जीतू सैनी ने कहा कि इस बार यहां बदलाव होने जा रहा है। जो 10 साल से सांसद हैं उन्हें आज चुनाव के समय क्षेत्र की याद आई है। इससे पहले वो यहां से गायब थे। ऐसे में बदलाव होना चाहिए।
- मनोज गौड़ ने कहा कि इस बार बदलाव होना ही है, क्योंकि कोई सुनने वाला है ही नहीं। जनता चाहती है कि हम वोट डालते हैं तो कोई हमारी भी सुनने वाला होना चाहिए। इसलिए बदलाव होना चाहिए।
- प्रदीप कुमार ने कहा कि इस बार बीजेपी मजबूत स्थिति में है। रोड इतने अच्छे बन रहे हैं। एक टाइम था कि कहीं जाने में काफी समय लगता था, लेकिन अब अच्छे रोड बन गए हैं। बीजेपी के आने के बाद काफी विकास हो रहा है।
- मुकुल भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने काफी अच्छा काम किया है, लेकिन हमारे यहां के जो जनप्रतिनिधि हैं वो लोगों से मिलना नहीं चाहते हैं। वो सिर्फ वोट मांगने के लिए आते हैं।
- भरत सिंह ने कहा कि अलीगढ़ में सभी बेरोजगारों को रोजगार मिलना चाहिए। अलीगढ़ में आज तक कोई भी बड़ी फैक्ट्री नहीं बनी जहां लोग कार करके रोजगार कमा सकें।
- राम सिहं ने कहा कि सरकार मोदी के नाम पर बन रही है, लेकिन जनप्रतिनिधि क्या कुछ कह भी रहा है कि नहीं क्या ये सरकार जान पा रही है। जनता त्राहिमाम कर रही है। बेरोजगारी इतनी है कि लोग घर भी नहीं चला पा रहे हैं। किसी भी सरकारी विभाग में चले जाइए कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आयुष्मान कार्ड जो सरकार की योजना के तहत बने हैं वो कागज मात्र हैं। अस्पताल जाने पर मरीज को भर्ती तक नहीं किया जाता है और प्राइवेट अस्पताल लूट करते हैं।
इस दौरान एक घंटे तक चले संवाद में लोगों ने खुलकर राय व्यक्त की। इस मौके पर रूपेश पाठक, मनोज गौड़, मुकुल भारद्वाज, डा.अंकुर सिंघल, जीतू सैनी, मनोज, राम सिंह, प्रदीप कुमार, शिवम पंडित आदि ने विचार व्यक्त किए।