दिवानी कोर्ट में राघवेन्द्र सिंह कालू को पेशी के लिए ले जाती पुलिस ।
- फोटो : CITY OFFICE
डीएस कॉलेज में हुए बहुचर्चित संजीव चौधरी हत्याकांड में बृहस्पतिवार को एक आरोपी के न्यायालय में पेश न हो पाने के कारण फैसला शुक्रवार तक के लिए टाल दिया गया। जिला जज के न्यायालय ने इस मामले में अब शुक्रवार को फैसले की तारीख नियत की है। इस दौरान गैर जनपद की जेलों से पेश किए दो आरोपियों को आज रात अलीगढ़ जेल में ही रोका गया है। वहीं तीसरे आरोपी को मथुरा जेल से शुक्रवार को तलब करने संबंधी आदेश जारी किया है।
डीजीसी धीरेंद्र सिंह तोमर के अनुसार डीएस कॉलेज में 27 अप्रैल 2002 को दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड में पूर्व विधायक मलखान सिंह हत्याकांड के आरोपी संजीव चौधरी रॉबी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य सपा नेता व मौजूदा जिला पंचायत सदस्य पति राघवेंद्र सिंह कालू निवासीगण कलाई हरदुआगंज व हरदुआगंज के ग्वालरा का योगेश चौधरी नामजद आरोपी हैं। संजीव चौधरी के पिता अधिवक्ता बलवीर सिंह की ओर से दर्ज मुकदमे की सुनवाई जिला जज की अदालत में चल रही है, जिसमें बृहस्पतिवार को फैसले की तारीख नियत थी। नियत तारीख पर आरोपियों में से एक रॉबी को एटा जेल से व दूसरे कालू को बुलंदशहर जेल से दीवानी लाया गया। फैसले के इंतजार में दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ भी दोपहर से दीवानी परिसर में जुटने लगी। इसी दौरान खबर मिली कि तीसरा आरोपी योगेश मथुरा जेल से किन्हीं कारणों से नहीं आ पा रहा है। इसके बाद न्यायालय ने दोनों आरोपियों को हवालात से तलब करते हुए निर्णय के लिए शुक्रवार की तारीख नियत करते हुए दोनों को आज रात अलीगढ़ जेल रखने। शुक्रवार को योगेश को मथुरा से व इन दोनों का अलीगढ़ जेल से तलब करने के आदेश दिए। इसके लिए मथुरा जेल आदेश भिजवाया गया। अब शुक्रवार को फैसला आने की उम्मीद है। न्यायालय के इस आदेश की पुष्टि खुद संजीव के अधिवक्ता पिता बलवीर सिंह ने भी की है।