सैंपल भरती खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
सावधान! जिन खाद्य पदार्थों का आप सेवन कर रहे हैं, वह आपके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसका खुलासा मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर लिए गए 17 नमूनों की जांच में हुआ। इसमें पांच असुरक्षित पाए गए हैं तो सात अधोमानक, तीन मिथ्या छाप, दो विशुद्ध पाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सात जुलाई 2021 को चंडौस क्षेत्र के सुदेशपुर निवासी सुजात अली के यहां से दूध का नमूना लिया गया था। जांच में दूध मिश्रित मिला और उसमें बाह्य वसा पाया गया। 27 अक्तूबर को सासनीगेट के मोहल्ला कानून गोयान कृष्णा टोला के मोहित गुप्ता की दुकान से बूंदी के लड्डू का सैंपल भी जांच में फेल हो गया है, उसमें निर्धारित मात्रा से अधिक रंग पाया गया है। टप्पल के जमुना खंड इंटर कॉलेज के पास से जाबिद के यहां लिए गए पनीर के नमूने में बाह्य वसा पाई गई। 28 अक्तूबर को विजयगढ़ थाना क्षेत्र के कठेरा गांव निवासी नागेश कुमार के यहां से लिए गए खोया के सैंपल में बाह्य वसा पाई गई। 31 अक्तूबर को खैर के मोहल्ला सिकरवार निवासी गौरव की मिठाई की दुकान से केशरवाटी में प्रतिबंधित रंग मेटानिल मिला। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय स्तर से शहर व देहात क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की जांच व सैंपल लेने का नियमित अभियान चलाया जा रहा है।