धनीपुर मंडी के पास पेट्रोल पंप के सेल्समैन को कार में अगवा कर पीटने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और आरोपियों की पहचान कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सिंधौली क्षेत्र में एक नशामुक्ति केंद्र का संचालन करते हैं।
मंगलवार रात कुमार सर्विस स्टेशन पर सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में आए तीन युवकों ने टैंक फुल कराने के बाद रुपये मांगने पर सेल्समैन अनिकेत को कार में खींच लिया। आरोप है कि चलती कार में सेल्समैन को पीटा गया और करीब ढाई किलोमीटर दूर बौनेर बिजलीघर के पास उसे सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए।
क्षेत्राधिकारी तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। ब्यूरो