यूरोपियन देशों में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल की ओर से स्पेन में यूरोपियन क्रिकेट लीग का आयोजन 29 जुलाई से किया जाएगा। टी-20 टूनार्मेंट में यूरोप की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में सादाबाद के गांव सलेमपुर का क्रिकेटर रिंकू सिंह रूस की ओर से खेलेगा।
कई राज्यों की रणजी टीम में चयन होने के बाद झारखंड से रणजी क्रिकेट खेलने वाले युवा क्रिकेटर रिंकू सिंह को इंग्लैंड के बाद अब रूस में बल्ले से धूम मचाने का मौका मिला है। रिंकू सिंह का चयन 29 जुलाई से यूरोपीय देश स्पेन में होने वाले यूरोपियन क्रिकेट लीग के लिए रसिया की टीम में हुआ है। इससे पहले रसियन टीम में जगह बनाने के लिए उन्होंने ट्रायल दिया था। इसमें वह चयनकताओं को प्रभावित करने में सफल रहे। उन्हें रूस की टीम में बतौर ऑल राउंडर शामिल किया गया है।
अगर इस लीग में वह अच्छा करने में सफल रहे तो यूरोपियन क्रिकेट में जल्द रिंकू सिंह बड़ा चेहरा बनकर उभरेंगे। उनके परिजन और कोच मुकेश नरूला यही उम्मीद लगाए हुए हैं कि रिंकू सिंह आईसीसी की इस टूनार्मेंट में बेहतर खेलकर क्षेत्र का नाम रोशन करें। रिंकू सिंह का सपना टीम इंडिया में शामिल होने का है। इसलिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं। इससे पहले रिंकू 2016 में इंग्लैंड में माइनर काउंटी क्रिकेट खेल चुके हैं। बेटे रिंकू की सफलता से पिता दलवीर सिंह और परिवार के लोग प्रसन्न हैं।