अलीगढ़ के जट्टारी कस्बे में बीच बाजार में कुछ युवकों ने दिनदहाड़े एक छात्र का अपहरण करने की कोशिश की। हालांकि, जिस बच्चे के अपहरण की कोशिश की गई उसके साहस के सामने बदमाशों की साजिश नाकाम रही, लेकिन इलाके में डर का माहौल बन गया।
अजीत नगर मोहल्ले के रहने वाले लोकेंद्र सिंह का बेटा और भाजपा नेता का भांजा राघवेंद्र जट्टारी श्रीजी पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। सोमवार शाम लगभग चार बजे वह उसरह रोड पर ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी समय अपहरणकर्ताओं ने घटना को अंजाम देने की कोशिश की।
राघवेंद्र ने बताया कि जब वह ट्यूशन के लिए जा रहा था, तो चार युवक बोलेरो गाड़ी पर सवार होकर उसके पीछे चल रहे थे। मौकै देख कर दो युवक गाड़ी से उतरे और छात्र का बाल पकड़ कर उसके मुंह पर रूमाल लगा दिया और हाथ पकड़कर उसे गाड़ी में डालने लगे। छात्र ने साहस दिखा कर किसी तरह अपना हाथ छुड़ाया और भागने लगा, लेकिन उन लोगों ने दोबारा उसका हाथ पकड़ लिया।
छात्र ने फिर से अपना हाथ छुड़ाया और दौड़कर बाजार में घुस गया। दुकानदारों के बीच पहुंच जाने के कारण अपहरणकर्ता उसे कुछ नहीं कर पाए और छात्र की जान बच गई। बच्चे ने घर जाकर अपने परिजनों को इसकी सूचना दी तो वे पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मुआयना किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।