महानगर के सिविल लाइंस इलाके के जमालपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में शनिवार रात प्रसव के कुछ घंटे बाद बच्चे की मौत पर परिजन विफर गए। यहां परिजनों ने जमकर हंगामा किया और बात उस समय ज्यादा बिगड़ गई। जब महिला की तबियत बिगड़ने पर भी उसे वहां से ले जाने की बात नर्सिंग होम संचालक ने कह दी। इसे लेकर गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया और बाद में बच्चे के शव को लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंच गए। मगर रविवार के चलते एसएसपी के न मिलने पर वह सिविल लाइंस गए। जहां तहरीर देकर चले गए।
वाकये के अनुसार जमालपुर हमदर्द नगर निवासी मजदूर जमाल की गर्भवती पत्नी फरजाना को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार देर रात इलाके के ही एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां रात 11 बजे फरजाना ने बेटे को जन्म दिया और रात दो बजे अचानक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों का स्टाफ से रात में ही विवाद शुरू हो गया और सुबह होते-होते महिला की हालत बिगड़ी तो डॉक्टर व स्टाफ ने उसे भी नर्सिंग होम से ले जाने की बात कही।
इस पर परिजन भड़क गए और जमकर हंगामा किया। बाद में वह बच्चे के शव को लेकर अपने साथ एसएसपी दफ्तर आए। जहां किसी के न मिलने पर वापस लौट गए और बाद में सिविल लाइंस में तहरीर देकर चले गए। फिलहाल महिला का किसी अन्य नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार मामले में जांच के आधार पर ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
पहले बेटे की मौत से सदमे में फरजाना
परिजनों के अनुसार फरजाना पर पहले एक बेटी महक है। पहले बेटे के जन्म पर परिवार में चंद घंटों के लिए खुशियां आ गई थीं। मगर जैसे ही खबर बच्चे की मौत की मिली तो परिजनों के साथ-साथ खुद फरजाना सदमे में आ गई। इसीलिए उसकी तबियत बिगड़ी हुई है।