बैंकिंग क्षेत्र में काम कर रही निजी कंपनी कल्पतरु कॉरपोरेशन के स्थानीय दफ्तर में भी ताला लग गया है। मथुरा के बाद यहां अचानक इस तरह कंपनी में ताला लगने से एजेंट व उपभोक्ता परेशान हैं। कई माह से लाखों रुपये न मिलने से परेशान एजेंटों ने रविवार को बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है।
तहरीर देते हुए एजेंट राजेश कुमार निवासी खेड़ा बुजुर्ग जवां, विनोद निवासी हरदुआगंज, भूपेंद्र निवासी शेरगढ़ की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह कल्पतरु बायोटेक कॉरपोरेशन में पिछले दस-पंद्रह साल से एजेंट हैं। कंपनी की स्कीम के अनुसार वह लगातार एफडी व फिक्स डिपोजिट स्कीम के तहत उपभोक्ता ला रहे थे। कई साल तक तो ठीक चला। मगर अब आकर पिछले कुछ समय से कंपनी में स्कीम पूरी होने पर कंपनी में रुपये वापसी के नाम पर टाल-मटोल होने लगी।
पिछले तीन-चार माह से लगातार चक्कर काट रहे थे। अब अचानक कंपनी का दफ्तर बंद हो गया। पिछले दिनों मथुरा से समाचार पत्रों में एक एजेंट की सुसाइड की खबर छपी तो और ज्यादा चिंता हुई। अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है।
राजेश के अनुसार उसने उपभोक्ताओं का 15 से 20 लाख रुपये जमा कराया है जो अब मय ब्याज के वापस होना था। इसी तरह उसके साथियों ने लाखों रुपया जमा कराया है। एसओ बन्नादेवी के अनुसार मामले में जांच कराई जा रही है।