कोरोना संक्रमण से निपटने की तैयारियों के क्रम में बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल, दीन दयाल संयुक्त अस्पताल और अतरौली के अस्पताल में मॉक ड्रिल कर इंतजामों को परखा गया। गूगल शीट के माध्यम से शासन को इसकी जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के माध्यम से देखा गया कि अस्पताल आपातकाल की स्थिति में कितनी जल्दी प्रतिक्रिया कर सकते हैं। साथ ही संचार और समन्वय की स्थिति, उपकरण और संसाधनों की उपलब्धता भी देखी गई। कोरोना संदिग्ध मरीज़ की पहचान और उसके अलगाव की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की जांच करने के साथ मरीज़ की देखभाल का भी अभ्यास किया गया। दीन दयाल अस्पताल और अतरौली के अस्पताल में मॉक ड्रिल संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. शुएब की देखरेख मे हुई। जबकि मलखान सिंह जिला अस्पताल में डॉ. पुष्पेंद्र की निगरानी में मॉक ड्रिल हुई।
आज डिस्चार्ज होगा कोरोना का मरीज
दीन दयाल संयुक्त अस्पताल में चार दिन पहले भर्ती कोरोना का पहला मरीज 6 जून को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उसका एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें वह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद अभी अन्य कोई कोरोना का मरीज जिले में नहीं पाया गया है।