महानगर के रामघाट रोड को सिंधौली पर जीटी रोड से जोड़ने वाली जाफरी ड्रेन की सड़क की मरम्मत में 70 लाख से लेकर 1.25 करोड़ तक के खर्च का अनुमान है। यह अनुमानित प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने बनाकर मंडलायुक्त को सौंप दिया है। अब इस बात को लेकर अध्ययन चल रहा है कि क्या इस बजट में मरम्मत का काम कराया जा सकता है या नहीं। इस सड़क के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी द्वारा सिंचाई विभाग से एनओसी मांगी गई है तब तक मरम्मत का प्रयास कमिशभनर स्तर से किया जा रहा है।
इस रोड की हालत इतनी खस्ता है कि वाहन लेकर चलना मुश्किल होता है। अगर निर्माण हो जाए तो स्थायी बाईपास बनाया जा सकता है। इसे लेकर अमर उजाला द्वारा लगातार प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। इस पर संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त स्तर से यह तय किया गया कि सड़क की मरम्मत में कितना धन खर्च होगा। इसका प्रस्ताव तैयार कराया जाए अगर बजट होगा तो मरम्मत कराई जा सकेगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं की टीम ने मौका मुआयना कर दो बजट प्रस्ताव बनाकर मंडलायुक्त को सौंपे हैं।
मंडलायुक्त को सौंपी रिपोर्ट के अनुसार एक बजट प्रस्ताव में 65 से 70 लाख रुपये का खर्च बताया है, जिसमें उन स्थानों पर मरम्मत का उल्लेख है, जहां ज्यादा टूटी है। वहीं पूरी सड़क पर मरम्मत के लिए सवा करोड़ का प्रस्ताव दिया गया है। मंडलायुक्त गौरव दयाल के अनुसार पीडब्ल्यूडी द्वारा दो बजट प्रस्ताव बनाकर दिए गए हैं। अभी उस पर यह अध्ययन किया जा रहा है कि किस मद से बजट लेकर कितना काम कराया जा सकता है। इसी अनुसार एडीए से बजट लेकर मरम्मत पर निर्णय लिया जाएगा।