अलीगढ़ के जीटी रोड से महरावल रेलवे स्टेशन तक जा 3.1 किलोमीटर का मार्ग फोरलेन बनेगा। शासन स्तर से प्रोजेक्ट की मंजूरी के साथ ही 36.91 करोड़ का बजट जारी कर दिया गया है। लोकनिर्माण विभाग द्वारा इसका निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग के बनने के बाद सूत मिल चौराहे से होकर रेलवे के माल गोदाम तक पहुंचने वाले भारी मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर नहीं जाना होगा बल्कि बाहर से ही रास्ता मिल जाएगा। इससे शहर में भी कई प्वाइंट का जाम समाप्त होगा।
रेलवे का मालगोदाम पहले शहर में रेलवे स्टेशन पर ही था। लड़खड़ाई ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए इसे जेल रोड की ओर शिफ्ट किया गया। बाद में यहां पर भी यातायात की समस्या खड़ी हो गई तो इसका रास्ता बरौला बाईपास की ओर कर दिया गया। अब रेलवे माल गोदाम तक माल पहुंचाने वाले माल वाहक वाहन वाहन सूत मिल चौराहा होकर बरौला की ओर जाते हैं। इस कारण फलमंडी, एलमपुर, एफसीआई गोदाम और सूत मिल चौराहे तक प्रतिदिन भयंकर जाम की स्थिति रहती है।
इससे मालवाहक वाहनों के साथ-साथ शहर के लोगों और राहगीरों को भी परेशानी होती है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए शहर के बाहरी हिस्से महरावल रेलवे स्टेशन पर बड़ा मालगोदाम बनाया गया। यहां पर अधिक क्षमता की लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था की गई है। इसी माल गोदाम को अब एनएच-91 (जीटी रोड) से फोर लेन के माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
जीटी रोड से महरावल रेलवे स्टेशन माल गोदाम तक फोर लेन मार्ग के लिए पैसा स्वीकृत हो चुका है। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। कोशिश होगी इसे इसी वर्ष अंत तक पूरा कर लें। - संजीव पुस्कर, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-1 पीडब्ल्यूडी