महानगर में सक्रिय चोरों ने मंगलवार दुपहर गांधीपार्क के बाहर आगरा रोड से एक गैस एजेंसी संचालक की कार से रिवाल्वर चोरी कर ली। चोरों ने पहले कार सवार व्यापारी को बोनट से तेल टपकने का इशारा किया और जैसे ही व्यापारी ने गाड़ी से उतरकर बोनट खोलकर देखा तो पीछे से बैग रिवाल्वर सहित चोरी चला गया। बाद में खिरनी गेट पर पहुंचकर जब व्यापारी को इस चोरी की भनक लगी तो वह पुलिस के पास पहुंचा। देर शाम तक पुलिस मामले में सीमा विवाद में उलझी थी।
सरसैयद नगर निवासी अख्तर सलमान की एटा में गैस एजेंसी है। वह दुपहर करीब साढ़े तीन बजे अपनी कार से सहयोगी नफीस के साथ आगरा किसी काम से जा रहे थे। कार खुद सलमान चला रहे थे। जैसे ही वह आगरा रोड पर गांधीपार्क के सामने पहुंचे, तभी दो युवकों ने उनके बोनट से तेल टपकने का इशारा किया। इस पर सलमान ने गाड़ी रोकी और बाहर आकर बोनट खोलने लगे। तभी पीछे से उनकी कार से रिवाल्वर, लाइसेंस, कुछ कागजों व कुछ रुपयों सहित बैग चोरी हो गया। इसके बाद सलमान गाड़ी लेकर खिरनी गेट तक पहुंचे। तभी उनकी कार के पहिये में पंचर हो गया। वहां पंचर जुड़वाने के दौरान सलमान को बैग चोरी की भनक लगी तो उन्होंने सासनी गेट पुलिस बुला ली।
पूरा वाकया पुलिस को बताया तो सलमान को पुलिस गांधीपार्क ले आई। वहां गांधीपार्क पुलिस भी आ गई और देर तक दोनों पुलिसों में सीमा विवाद बना रहा। देर शाम सलमान को गांधीपार्क थाने ले जाया गया। जहां जांच जारी थी। एसओ के अनुसार जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।