राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर भाजयुमो उपाध्यक्ष व छात्र नेता अमित गोस्वामी और छात्र नेता जय यादव ने उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से आगरा में मुलाकात कर उनसे निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया।
अलीगढ़ में नये विश्वविद्यालय की स्थापना लेकर लंबे समय तक मांगें उठती रहीं। सपा सरकार में चार बार बतौर छात्र संघर्ष मोर्चा के तत्कालीन महासचिव अमित गोस्वामी ने भूख हड़ताल कर कई आंदोलन किए । इस दौरान अमित गोस्वामी, छात्र नेता सौरभ चौधरी, एबीवीपी नेता सीटू चौधरी व जय यादव सहित तमाम छात्रों पर दर्जनों मुकदमे सपा सरकार में विश्वविद्यालय की मांग करने पर दर्ज किए गए थे। भाजपा सरकार आने पर भी छात्र नेताओं ने मजबूती के साथ विश्वविद्यालय की मांग को उठाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों की आवश्यकता को समझकर अलीगढ़ में विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की। अमित ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कर राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय छात्रों को सौंपने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द अलीगढ़ का दौरा कर स्वयं निर्माणाधीन राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के निर्माण को बारीकी से परखेंगे और एक माह में निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था के अधिकारियों, कुलपति, रजिस्ट्रार सहित यूनिवर्सिटी से जुड़े अधिकारियों के साथ लखनऊ में बैठक की जाएगी। बलदेव चौधरी सीटू ने राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर अलीगढ़ में यूनिवर्सिटी देने पर शिक्षा मंत्री के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार का आभार जताया। इस अवसर पर विभाग संयोजक एबीवीपी तनिष्क प्रताप सिंह मौजूद रहे।